Blood pressure : आजकल हाई ब्लड प्रेशर यानी हाइपरटेंशन एक आम लेकिन खतरनाक समस्या बनती जा रही है। डॉक्टर नियमित रूप से ब्लड प्रेशर चेक करने की सलाह देते हैं ताकि समय रहते उपचार शुरू किया जा सके। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ब्लड प्रेशर मापते समय हाथ की गलत पोजीशन से रिपोर्ट में बड़ी चूक हो सकती है?
अब जब लोग घर पर भी डिजिटल ब्लड प्रेशर मॉनिटर का इस्तेमाल करने लगे हैं, तो सही तकनीक जानना और भी जरूरी हो गया है। हाल ही में हुई एक स्टडी ने इस बात पर जोर दिया कि ब्लड प्रेशर रीडिंग में त्रुटि का सबसे बड़ा कारण हाथ की गलत पोजीशन है।
हाथ को नीचे लटकाना बन सकता है बड़ी गलती
इस स्टडी में पाया गया कि जो लोग ब्लड प्रेशर मापते समय हाथ को नीचे लटकाए रखते हैं, उनकी रीडिंग औसतन 7 mmHg तक ज्यादा आती है। यह अंतर मामूली नहीं, बल्कि इतना गंभीर है कि एक सामान्य या स्टेज-1 हाई ब्लड प्रेशर वाला व्यक्ति डायग्नोसिस में सीधे स्टेज-2 की कैटेगरी में आ सकता है।
सही तरीका क्या है?
विशेषज्ञों के अनुसार, ब्लड प्रेशर मापते समय हाथ को किसी सपोर्ट यानी टेबल पर टिकाकर रखना चाहिए, ताकि कफ का सेंटर पॉइंट आपके दिल की ऊंचाई पर आ जाए। इस स्थिति में खून का दबाव समान रहता है और मशीन को सही माप मिलती है।
गलत पोजीशन से क्यों आती है गड़बड़ी?
जब हाथ नीचे होता है, तो शरीर को ग्रेविटी के विरुद्ध खून को ऊपर पहुंचाने में ज्यादा दबाव डालना पड़ता है। इसका असर सीधे ब्लड प्रेशर रीडिंग पर पड़ता है, और रीडिंग ज्यादा आती है। वहीं, अगर हाथ बहुत ऊपर हो तो रीडिंग कम आ सकती है। यानी दोनों ही स्थितियां सही डायग्नोसिस में बाधा बन सकती हैं।
–घर पर बीपी चेक करते समय ध्यान रखें ये बातें:
–सीधी कुर्सी पर बैठें और पीठ को सपोर्ट दें।
–हाथ को टेबल पर रखें ताकि कफ का मध्य बिंदु दिल के लेवल पर हो।
–माप से 5 मिनट पहले आराम करें और बात न करें।
–दोनों पैरों को जमीन पर रखें, पैर क्रॉस न करें।
–एक ही समय पर रोजाना मापने की आदत डालें।