Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

अबोहर में दिनदहाड़े शोरूम मालिक की गोली मारकर हत्या, इस गैंगस्टर ने ली जिम्मेदारी

July 7, 2025

अबोहर में दिनदहाड़े शोरूम मालिक की गोली मारकर हत्या, इस गैंगस्टर ने ली जिम्मेदारी

पंजाब डेस्क: अबोहर शहर में आज सुबह एक नामी कपड़ा शोरूम के मालिक पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। जिसकी वजह से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

-कार से उतरते ही बरसाईं गोलियां

जानकारी के अनुसार, शोरूम मालिक संजय जैसे ही अपनी दुकान के बाहर कार से उतरे, बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन पर एक के बाद एक गोलियां चला दीं। हमलावरों की फायरिंग से बाजार में भगदड़ मच गई। गंभीर रूप से घायल संजय को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

-घटना को अंजाम देकर फरार हुए हमलावर

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पहले से तैयार चोरी की बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। बाद में उन्होंने एक राहगीर से दूसरी मोटरसाइकिल छीनकर भागने की कोशिश की। पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उनकी तलाश में जुटी है।

-सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात

पूरी वारदात पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे और संजय वर्मा के आते ही उन्होंने निशाना साधा। पुलिस ने वीडियो जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

-सोशल मीडिया पर गैंग की धमकी

हत्या के कुछ ही घंटे बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई जिसमें लॉरेंस गैंग के सदस्य आरजू बिश्नोई ने संजय वर्मा की हत्या की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में लिखा गया कि संजय वर्मा ‘गैंग के दुश्मनों को सपोर्ट करते थे’, इसलिए उन्हें ‘मिटा दिया गया’। हालांकि पुलिस इस पोस्ट की प्रामाणिकता की जांच कर रही है।

-शहर में तनाव, व्यापारियों में आक्रोश

संजय अपने भाई जगत के साथ मिलकर अबोहर में एक प्रतिष्ठित कपड़ा शोरूम चलाते थे, जो खास तौर पर पारंपरिक परिधानों के लिए जाना जाता था। उनकी हत्या के बाद शहर के व्यापारी वर्ग में रोष की लहर है। बड़ी संख्या में व्यापारी अस्पताल परिसर में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

-पुलिस ने किया मामला दर्ज, जांच जारी

एसपी स्तर के अधिकारी स्वयं जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं। साथ ही, इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें