Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather: पंजाब में बारिश का दौर जारी… 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी! जानें अन्य शहरों के मौसम का हाल

July 16, 2025

Punjab Weather: पंजाब में बारिश का दौर जारी… 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी! जानें अन्य शहरों के मौसम का हाल

Punjab Weather Update : पंजाब में एक बार फिर से मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, वहीं 6 जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, उनमें पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा शामिल हैं।

तापमान में हल्की बढ़ोतरी, बारिश का असर जारी

मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में तापमान में औसतन 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया है। गुरदासपुर में राज्य का सबसे अधिक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अमृतसर में 23 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो इस महीने के औसत से 1% अधिक है।

इस महीने सामान्य से अधिक बारिश

जुलाई महीने में सामान्य तौर पर पंजाब में 110.4 मिमी बारिश होती है, जबकि अब तक 111.7 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। हालांकि, राज्य के प्रमुख बांधों में जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से नीचे है। सिंचाई मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने जानकारी दी है कि बाढ़ से निपटने के लिए सभी जिलों में पूरी तैयारी कर ली गई है और फिलहाल किसी भी तरह की बाढ़ का खतरा नहीं है।

किन जिलों में होगी बारिश?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज निम्न जिलों में विभिन्न स्तर की बारिश हो सकती है…

कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश: फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, बठिंडा, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला

कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश: अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर (एसबीएस नगर), फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, मानसा

भारी बारिश की संभावना: पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, फाजिल्का, मुक्तसर और बठिंडा

छह जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज

1 जून से शुरू हुए मानसून सीजन में अब तक राज्य के कुछ जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। इनमें होशियारपुर, कपूरथला, मुक्तसर, बठिंडा, संगरूर और मोहाली शामिल हैं, जहां मात्र 20 से 59 प्रतिशत तक बारिश हुई है। ये राज्य के ऐसे जिले हैं जहां सबसे कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

कई जिलों में सामान्य बारिश

वहीं फाजिल्का, फिरोजपुर, मोगा, मानसा, जालंधर, एसबीएस नगर, फतेहगढ़ साहिब जैसे जिलों में अब तक सामान्य बारिश दर्ज की गई है। कुछ जिलों में बारिश सामान्य से अधिक भी रही है, जिससे खेती के लिए अनुकूल हालात बने हुए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें