
चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी की विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान का इस्तीफा अब रद्द कर दिया गया है। पार्टी ने उनके इस्तीफे को नामंजूर कर फिर से उन्हें सक्रिय राजनीति में बने रहने का संकेत दिया है। यह जानकारी पंजाब सरकार में मंत्री अमन अरोड़ा ने सोशल मीडिया के ज़रिए साझा की।
अमन अरोड़ा ने एक ट्वीट में बताया कि उन्होंने अनमोल गगन मान से पारिवारिक और सौहार्दपूर्ण माहौल में मुलाकात की। मुलाकात के दौरान पार्टी नेतृत्व ने विधायक पद से उनका इस्तीफा स्वीकार न करने का निर्णय लिया, जिसे अनमोल गगन मान ने भी सहर्ष स्वीकार कर लिया। अरोड़ा ने यह भी कहा कि उन्होंने मान से क्षेत्र और पार्टी की बेहतरी के लिए मिलकर कार्य करने का आग्रह किया है।
सियासत में चमका एक नया सितारा
अनमोल गगन मान का जीवन सफर एक प्रेरणादायक कहानी है। मानसा में जन्मी अनमोल का पालन-पोषण मोहाली में हुआ। बचपन से ही संगीत और नृत्य के प्रति उनका गहरा लगाव रहा। 2013 में चंडीगढ़ के एमसीएम डीएवी कॉलेज से मनोविज्ञान और संगीत में स्नातक करने के बाद, उन्होंने मिस वर्ल्ड पंजाबन प्रतियोगिता में मिस मोहाली पंजाबन का ताज अपने नाम किया।
2014 में इंग्लैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लोकनृत्य प्रतियोगिता में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया और विजेता बनकर लौटीं। इसके बाद 2015 में म्यूजिक इंडस्ट्री में उनका पहला हिट गाना “शौकीन जट्ट” आया, जिसने उन्हें युवाओं के बीच एक पॉप सिंगर के रूप में स्थापित कर दिया।
शोहरत से सियासत तक का सफर
गायिकी में पहचान बनाने के बाद अनमोल गगन मान ने 2020 में आम आदमी पार्टी का दामन थामकर पूरी तरह से राजनीति में कदम रखा। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आप ने उन्हें खरड़ सीट से टिकट दिया। यहां उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के रणजीत सिंह गिल को 37,718 वोटों से हराकर भारी जीत दर्ज की और विधानसभा में अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई। उनकी कार्यकुशलता और जनता से जुड़ाव को देखते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उन्हें कैबिनेट में भी शामिल किया।
पार्टी में भरोसे की वापसी
हाल ही में उनके इस्तीफे की खबरों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी थी लेकिन पार्टी की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि अनमोल गगन मान अब भी AAP के साथ हैं और सक्रिय रूप से कार्य करती रहेंगी। उनके इस्तीफे को नामंजूर कर यह साफ कर दिया गया है कि पार्टी उनके अनुभव और जनसमर्थन को गंवाना नहीं चाहती। इस फैसले से साफ है कि आम आदमी पार्टी पंजाब में अपने मजबूत चेहरों को बनाए रखने की रणनीति पर काम कर रही है। वहीं, अनमोल गगन मान के समर्थकों में भी इस फैसले से खुशी की लहर है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...