Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

CET परीक्षा देने जा रहे रेवाड़ी के परिवार की कार दुर्घटनाग्रस्त, महिला की मौत

July 26, 2025

CET परीक्षा देने जा रहे रेवाड़ी के परिवार की कार दुर्घटनाग्रस्त, महिला की मौत

रेवाड़ी: हरियाणा सीईटी परीक्षा देने जा रहा रेवाड़ी जिले के गांव भाड़ावास का एक परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसा सोनीपत के खरखोदा क्षेत्र में उस समय हुआ जब परिवार की कार अचानक आगे चल रहे ट्रक के ब्रेक लगाने से अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी के गांव भाड़ावास निवासी एक युवक अपने परिवार के साथ सीईटी परीक्षा देने के लिए कार से निकला था। कार में उसके साथ उसकी पत्नी, देवर और 10 महीने की मासूम बच्ची सवार थी।

जब वे सोनीपत जिले के खरखोदा क्षेत्र से गुजर रहे थे, तो सामने चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ट्रक की इस अचानक हरकत से पीछे आ रही कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान भाड़ावास निवासी के रूप में हुई है।

उसकी गोद में बैठी मासूम बच्ची को भी हल्की चोटें आई हैं, जबकि पति और देवर की हालत अभी स्थिर बताई जा रही है। परिवार के सीईटी परीक्षा में शामिल होने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं महिला के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

ये भी पढ़े- बंगाल सहित इन राज्यों में कब होंगे चुनाव? ECI आज करेगा तारीखों का ऐलान

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें