Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

लोकसभा में गौरव गोगोई के बयान पर ललन सिंह ने किया जमकर पलटवार, कहा- यूपीए सरकार में आतंकवाद…

July 28, 2025

लोकसभा में गौरव गोगोई के बयान पर ललन सिंह ने किया जमकर पलटवार, कहा- यूपीए सरकार में आतंकवाद…

नई दिल्ली। लोकसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री और जेडीयू सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कांग्रेस पार्टी और खासतौर पर सांसद गौरव गोगोई पर जमकर निशाना साधा। “सेना के शौर्य की बात तक नहीं की” – ललन सिंह ने गौरव गोगोई पर सवाल उठाए। ललन सिंह ने कहा कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई देशभक्ति की बातें तो कर रहे हैं लेकिन उन्होंने सेना की बहादुरी, वीरता और पराक्रम पर एक शब्द भी नहीं बोला। उन्होंने कहा, “आप जहाज गिरने की बात कर रहे हैं, लेकिन देश की सेना ने जो वीरता दिखाई, उस पर आपने कुछ नहीं कहा।”

यूपीए सरकार के समय आतंकवाद बढ़ा: ललन सिंह

ललन सिंह ने कहा कि जब यूपीए (2004 से 2014) की सरकार थी, तब आतंकवाद को बढ़ावा मिला। उन्होंने बताया कि उस दौर में 615 लोग आतंकवादी हमलों में मारे गए। 2,006 लोग घायल हुए। मुंबई ट्रेन धमाकों में 209 मौतें और 800 लोग घायल हुए। 26/11 हमले में विदेशी नागरिकों और पुलिस अधिकारियों की भी जान गई। उन्होंने आरोप लगाया कि तब की कांग्रेस सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, सिर्फ औपचारिकता निभाई।

 

“गृह मंत्री को विदा कर आतंकवाद को बढ़ावा दिया गया”

राजीव रंजन सिंह ने कहा कि 26/11 के बाद जब संसद में चर्चा हुई, तो कांग्रेस ने अपने गृह मंत्री को हटा तो दिया, लेकिन उससे आतंकवाद नहीं रुका।
उन्होंने कहा, “आपने सिर्फ घड़ियाली आंसू बहाए, कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की। न आपकी सरकार में साहस था और न ही ठोस नीति।”

“मोदी सरकार ने आतंकियों को पकड़कर लाने का साहस दिखाया”

ललन सिंह ने मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आतंकवाद के खिलाफ नीति की तारीफ की।
उन्होंने कहा 26/11 के मुख्य साजिशकर्ता को अमेरिका से भारत लाकर मुकदमा चलाया गया। 2016 में पहली बार देश ने आतंक के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। कांग्रेस को सलाह दी, “आप मोदी को मत सिखाइए कि आतंक से कैसे लड़ना है।”

“पीएम मोदी का कड़ा संदेश, पाकिस्तान को मिलेगा मुंहतोड़ जवाब”

ललन सिंह ने बताया कि 24 अप्रैल, पंचायती राज दिवस के मौके पर पीएम मोदी मधुबनी में थे। वहां उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान को उसकी सोच से भी ज्यादा सख्त जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा पीएम ने भाषण अंग्रेजी में दिया, ताकि दुनिया को संदेश मिले कि भारत अब आतंक के सामने झुकेगा नहीं। उन्होंने कहा, “हम जवाब देंगे, और पूरी दुनिया देखेगी।”

“पाकिस्तान की मिसाइलें हवा में फुस्स हो गईं”

ललन सिंह ने कहा कि जब पाकिस्तान ने जवाबी हमला किया तो उनकी सभी मिसाइलें हवा में ही फट गईं। लेकिन भारत को कोई नुकसान नहीं हुआ। पूरा देश टीवी पर देख रहा था कि पाकिस्तान की मिसाइलें केवल आतिशबाजी बनकर रह गईं। उन्होंने कहा, “अब चाहे कांग्रेस जितना भी भाषण दे, देश की जनता सब देख और समझ रही है।”

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें