हमीरपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने शनिवार को बिहार विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत मधुबन में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि लालू भारत के एकमात्र नेता हैं जिनके कोर्ट नोटिस पर लिखा होता है सपरिवार हाजिर होना है। जिस पार्टी और परिवार का मुखिया भ्रष्टाचार के पांच-पांच संगीन मामलों में सजायाफ्ता हो वो परिवार भला बिहार का क्या भला करेगा। इसलिए बिहार के विकास की ऱफ्तार को बनाए रखने के लिए जनता फिर एनडीए की सरकार चुनने जा रही है।
अनुराग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने हर क्षेत्र में रफ्तार पकड़ी और बिहार में सुशासन की सरकार चल रही है। विपक्ष खासकर राजद और कांग्रेस फिर से बिहार में जंगलराज कायम कर बिहार को गर्त में धकेलना और यहां अपहरण उद्योग अवैध आर्म्स फैक्ट्री और कॉन्ट्रैक्ट किलर की फौज खड़ी करना चाहते हैं। जंगल राज और आपराधिक मानसिकता वाले 20 साल सरकार से बाहर रहने के बावजूद उनकी फितरत बदली नहीं है।
सांसद ने कहा कि यही वजह है कि बिहार के साथ-साथ देश के लिए टेरर बन चुके शहाबुद्दीन जैसे लोगों को राष्ट्रीय जनता दल ने अपना नेता बना कर रखा। अब शहाबुद्दीन तो नहीं रहा, लेकिन उसका बेटा ओसामा भी अपने पिता के नक्शे कदम पर ही चल रहा है और शहाबुद्दीन के इस बेटे ओसामा को लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल और तेजस्वी यादव ने रघुनाथपुर से अपना उम्मीदवार बनाया है। राष्ट्रीय जनता दल की सोच आज भी बिहार में जंगलराज कायम करने की ही है। ठाकुर ने कहा कि जो लोग अपने विधानसभा क्षेत्र को पटना से जोड़ने के लिए एक पुल तक नहीं बनवा सके वह भी बिहार के विकास का दावा करते हैं। पटना के ठीक बगल में राघोपुर विधानसभा सीट है, जिस पर पिछले तीन दशकों से लालू राबड़ी परिवार का कब्जा रहा है।
राघोपुर की यह दुर्दशा थी कि यह पूरे साल गंगा नदी से घिरा रहता था और सड़क मार्ग नहीं होने के कारण लोगों को नाव का सहारा लेना पड़ता था। इन्होंने खुद के लिए बड़ी-बड़ी प्रॉपर्टी खड़ी की, मगर राघोपुर के लिए कभी पुल नहीं बनने दिया क्योंकि यह नहीं चाहते थे कि राघोपुर का विकास हो बिहार का विकास हो। सांसद ने कहा कि बिहार आज पावर जेनरेशन के युग में काफी आगे बढ़ चुका है। बिहार को उस टूटे फूटे जंग लगे लालटेन की बिलकुल ही जरूरत नहीं है। जब मोदी का मन और नितीश की नीति एक साथ हो तो बिहार को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता है।