Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवादियों की कमर तोड़ी’, छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर बोले पीएम मोदी

November 1, 2025

‘ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवादियों की कमर तोड़ी’, छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर बोले पीएम मोदी

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि भारत आज “अभूतपूर्व विजय के गौरव” से भरा हुआ है। उन्होंने नवा रायपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है।

यह भी पढ़ें: नवंबर महीने में इतने दिन बंद रहेंगे बैंक, यहां चेक करें छुट्टियों की पूरी लिस्ट

“ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवादियों की कमर तोड़ी”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “राम से राष्ट्र का एक अर्थ मानवता विरोधी ताकतों के विनाश का, आतंकवाद के विनाश का संकल्प भी है और यही हमने ऑपरेशन सिंदूर में देखा। भारत आतंकवादियों की कमर तोड़ रहा है और अब नक्सलवाद और माओवादी आतंकवाद को भी खत्म करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।” उन्होंने कहा कि आज भारत की सुरक्षा नीति पहले से कहीं अधिक सशक्त है और देश के सैनिक तथा सुरक्षाबल अभूतपूर्व सफलता हासिल कर रहे हैं।

 

“छत्तीसगढ़ अब समृद्धि और स्थिरता का प्रतीक”

प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य के विकास की सराहना करते हुए कहा, “पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने जो बदलाव देखा है, वह प्रेरणादायक है। जो राज्य कभी नक्सलवाद और पिछड़ेपन से पहचाना जाता था, आज वही समृद्धि, सुरक्षा और स्थिरता का प्रतीक बन गया है। यह सब छत्तीसगढ़ की जनता की मेहनत और भाजपा सरकारों के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।”

“राम से राष्ट्र” की भावना पर बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा, “यह भूमि भगवान श्री राम का ननिहाल है। ‘राम से राष्ट्र’ का अर्थ है सुशासन और लोककल्याण का शासन। इसका मतलब है ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’। हमारा लक्ष्य ऐसा भारत है जहाँ कोई गरीब या दुखी न रहे, और हर व्यक्ति गरीबी से मुक्त होकर आगे बढ़े।”

नए विधानसभा भवन और अटल जी की प्रतिमा का अनावरण

रजत जयंती समारोह के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का उद्घाटन किया और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा, “अटल जी के नेतृत्व में ही 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था। आज इस राज्य ने विकास के 25 साल पूरे कर एक नया अध्याय शुरू किया है।”

आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हुए शामिल

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने नवा रायपुर में ब्रह्माकुमारीज़ के “शांति शिखर” केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का भी शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने “आदि शौर्य” नामक ई-पुस्तक का विमोचन किया, जो राज्य के स्वतंत्रता सेनानियों और जनजातीय नायकों के साहस और बलिदान की गाथा को दर्शाती है। पीएम मोदी ने कहा, “छत्तीसगढ़ की 25 साल की यह यात्रा प्रेरक रही है। आज जब मैं इस नए विधानसभा भवन का उद्घाटन कर रहा हूँ, तो मुझे गर्व है कि यह राज्य विकास, विरासत और सुशासन का एक जीवंत उदाहरण बन चुका है।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें