Lifestyle: सर्दियों का मौसम आते ही रसोई से उठती खुशबू को दोगुना कर देती है। पराठे, समोसे, चाट और टिक्कियों का मजा इस मौसम में कुछ अलग ही होता है। अगर आप भी कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राय करना चाहते हैं, तो आज बनाइए आलू-मटर की चटपटी टिक्की बाहर से करारी और अंदर से मटर की नरम व मसालेदार फिलिंग से भरपूर।

जरूरी सामग्री
आधा किलो उबले आलू
आधा किलो ताजी हरी मटर
1 छोटा चम्मच अदरक (बारीक कटा हुआ)
1 हरी मिर्च (बारीक कटी)
2 चम्मच तेल + थोड़ा बटर
नमक स्वादानुसार
1/2 चम्मच धनिया पाउडर
1/4 चम्मच गरम मसाला
1/2 चम्मच जीरा पाउडर
2 चम्मच कॉर्नफ्लोर
हरा धनिया, चिली फ्लेक्स, काली मिर्च पाउडर
ब्रेड क्रम्ब्स
3 चम्मच मैदा
बनाने की विधि
पहला स्टेप – मटर की फिलिंग तैयार करें
सबसे पहले मटर के दानों को दरदरा पीस लें। अब एक पैन में तेल और थोड़ा बटर गर्म करें, फिर उसमें अदरक और हरी मिर्च डालकर भूनें। इसके बाद पिसी हुई मटर डालकर तब तक पकाएं जब तक उसकी नमी सूख न जाए। नमक, धनिया पाउडर, गरम मसाला और जीरा पाउडर डालकर 1–2 मिनट भूनें। तैयार स्टफिंग को ठंडा होने दें।
दूसरा स्टेप – आलू का बेस तैयार करें
उबले आलू छीलकर ग्रेट करें। अब इसमें नमक, चिली फ्लेक्स, भुना जीरा पाउडर, गरम मसाला, हरा धनिया और कॉर्नफ्लोर डालकर अच्छे से मिलाएं ताकि टिक्की का मिश्रण बाइंड हो जाए।
तीसरा स्टेप – टिक्की को आकार दें
आलू के मिश्रण की एक लोई लें, बीच में मटर की स्टफिंग भरें और हल्के हाथों से दबाकर टिक्की की शेप दें।
चौथा स्टेप – कोटिंग और फ्राई करें
मैदा और कॉर्नफ्लोर का पतला घोल बनाएं। टिक्कियों को पहले इस घोल में डुबोएं, फिर ब्रेड क्रम्ब्स में रोल करें। अब गर्म तेल में सुनहरा और करारा होने तक फ्राई करें।
परोसने का तरीका
गरमा-गरम टिक्कियों को प्लेट में निकालें, ऊपर से प्याज, दही, हरी-मीठी चटनी और सेव डालकर शानदार चाट तैयार करें।
आप चाहें तो इन टिक्कियों को बर्गर या रोल में भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
खास टिप:
यदि आप हेल्दी वर्जन चाहते हैं तो इन्हें एयर फ्रायर या नॉन-स्टिक पैन में कम तेल में भी बना सकते हैं।
मटर की जगह कॉर्न या पनीर डालकर अलग फ्लेवर ट्राय करें।
सर्द शामों में चाय के साथ ये आलू-मटर की चटपटी टिक्की आपके स्नैक टाइम को यादगार बना देगी!
मेष: दिन शुभ रहेगा...