नेशनल डेस्क: हिंडन पुल और फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले ब्रिज पर रविवार शाम को दर्दनाक घटना घटी। एक श्रद्धालुओं से भरा टेंपो डिवाइडर से टकराकर पलट गया, जिसमें से छह लोग उछलकर पुल से नीचे गिर गए। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और 16 घायल हो गए।
ये भी पढ़ें: 22 कैरेट के सोने की कीमत में आई गिरावट, अब तक 10,000 तक कम हुए रेट
पुलिस ने बताया कि रविवार शाम करीब 5 बजे एक टेंपो में करीब 16 से अधिक लोग सवार थे। सभी लोग टैंपो में सवार होकर सेक्टर-73 स्थित सर्फाबाद गांव आ रहे थे। बिसरख की ओर से एफएनजी की तरफ आने वाले मार्ग पर जैसे ही हिंडन पुल पार किया तो लिंक मार्ग पर चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे टेंपो डिवाइडर से टकराकर पलट गया। टेंपो में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। छह लोग हवा में उछलकर करीब 25 फीट नीचे सड़क किनारे जमीन पर गिर गए। उनके सिर, नाक से खून निकलने लगा। पुल के ऊपर और नीचे घायलों को बचाने के लिए राहगीरों की भीड़ इकट्ठी हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी, थाना पुलिस और चौकी प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस भी पहुंच गई। कुछ घायलों को एंबुलेंस और पुलिस वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया।
ये भी पढ़ें: टैरिफ का विरोध करने वालों को ट्रंप ने बताया ‘मूर्ख’, अमेरिकी नागरिकों के लिए कर दिया बड़ा ऐलान
पुलिस के मुताबिक, पुल से नीचे गिरकर मरने वालों लोगों की पहचान 55 वर्षीय रंजीत और 42 वर्षीय वासुदेव के रूप में हुई है और बाकी लोगों के हाथ और पैरों में चोट आई है। हादसे में घायल हुए सभी लोग पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। पिछले कुछ दिनों से समाज के लोग एकत्र होकर काली देवी की पूजा करने में जुटे हुए थे और पूजा संपन्न होने के बाद देवी की एक मूर्ति हिंडन में विसर्जित करके लौट रहे थे।