जम्मू-कश्मीर डेस्क: दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी डॉ. उमर मोहम्मद के पुलवामा स्थित घर को IED से धमाका करके उड़ा दिया है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर यह कार्रवाई बेहद नियंत्रित तरीके से की। यह ऑपरेशन आतंकवाद के खिलाफ चल रही कड़ी मुहिम का हिस्सा है।
दिल्ली ब्लास्ट की जांच के दौरान गुरुवार को पुलिस को एक और संदिग्ध कार मिली। यह कार अल-फलाह यूनिवर्सिटी, फरीदाबाद की पार्किंग से बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, यह मारुति ब्रेज़ा कार डॉ. शाहीन शाहिद के नाम पर रजिस्टर्ड है, जिसे पहले ही ‘व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूलट’ मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। संदिग्ध कार मिलने के बाद बम निरोधक दस्ते ने वाहन की गहन जांच की। यूनिवर्सिटी परिसर में खड़ी बाकी सभी गाड़ियों की भी जांच की जा रही है और उनके मालिकों की पहचान की पुष्टि की जा रही है।
ये भी पढ़ें: रुझानों में NDA आगे, क्या महागठबंधन बदल सकेगा तस्वीर? वोटों की गिनती जारी
एन्क्रिप्टेड स्विस ऐप से रची गई साजिश
जांच एजेंसियों को पता चला है कि इस ब्लास्ट की पूरी प्लानिंग तीन लोगों डॉ. उमर मोहम्मद, डॉ. मुजम्मिल अहमद और डॉ. शाहीन शाहिद ने मिलकर बनाई। यह सभी अपनी बातचीत और प्लानिंग एक एन्क्रिप्टेड स्विस मैसेजिंग ऐप पर करते थे। इसी ऐप के जरिए आतंकी मिशन को कोऑर्डिनेट किया गया। ब्लास्ट साइट से मिले DNA सैंपलों की जांच में पुष्टि हुई है कि सफेद Hyundai i20 कार में धमाका हुआ था, उसे डॉ. उमर मोहम्मद ही चला रहा था।
हरियाणा के नूंह में छापेमारी
जांच टीम ने गुरुवार को हरियाणा के नूंह जिले में भी कार्रवाई की। यहां पिनांगवा इलाके से एक दुकान संचालक को हिरासत में लिया गया है। शक है कि आतंकियों ने इसी की दुकान से बड़ी मात्रा में NPK खाद खरीदी थी, जिसका इस्तेमाल IED बनाने में किया जा सकता है।
जांच टीम ने बुधवार को फरीदाबाद के खंडावली गांव से मॉड्यूल की एक और कार लाल रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट भी बरामद की। कार को गांव में खड़ा करने वाले युवक को फरीदाबाद पुलिस ने पकड़कर दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। जांच में यह खुलासा भी हुआ है कि आतंकियों ने IED ले जाने और विभिन्न लोकेशंस को कवर करने के लिए तीन अलग-अलग कारें खरीदी थीं।
ये भी पढ़ें: तरनतारन विधानसभा उपचुनाव: शुरू हुई वोटों की गिनती, किसके सिर सजेगा ताज?
दिल्ली में हाई अलर्ट जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने शहर के सभी थानों, पुलिस चौकियों और बॉर्डर पॉइंट्स पर अलर्ट जारी कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार सुराग खंगाल रही हैं और मामले से जुड़े हर व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...