इंटरनेशनल डेस्कः मंगलवार को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में एक 7 मंजिला ऑफिस की बिल्डिंग में आग लग गई, जिसमें कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया और शवों को बाहर निकाला। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है।
आगजनी में 20 लोगों की मौत
पुलिस ने मौतों की पुष्टि करते हुए कहा कि आग दोपहर में लगी और बिल्डिंग में तेजी से फैल गई। इस आगजनी में 20 लोगों की मौत हो गई है। सेंट्रल जकार्ता के पुलिस प्रमुख सुसात्यो पुर्नोमो कोंड्रो ने बताया कि मरने वालों में 5 पुरुष और 15 महिलाएं शामिल हैं। इनमें 1 गर्भवती महिला भी शामिल थी।


स्थानीय ब्रॉडकास्टर कोम्पास टीवी की ओर से जारी किए गए वीडियो में दिखाया गया कि ऊपरी मंजिलों से आग की लपटें निकल रही थीं, जबकि दमकलकर्मी अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। घना काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया, जिससे आस-पास के निवासियों और ऑफिस स्टाफ को सड़कों पर भागना पड़ा। इमरजेंसी टीमों को जली हुई बिल्डिंग से कई बॉडी बैग ले जाते हुए देखा गया, जबकि बचे हुए लोगों की तलाश जारी थी। अधिकारियों ने बताया कि इस बिल्डिंग में टेरा ड्रोन इंडोनेशिया के ऑफिस हैं, जो खनन से लेकर कृषि तक के क्षेत्रों के लिए ड्रोन सेवाएं प्रदान करने वाली कंपनी है।


दर्जनों दमकलकर्मियों को किया तैनात
मीडिया के अनुसार आग पर काबू पाने के लिए दर्जनों दमकलकर्मियों को तैनात किया गया था, जिसे आखिरकार एक लंबे ऑपरेशन के बाद काबू में किया गया। बता दें इससे पहले पिछले महीने हांगकांग के ताई पो जिले में लगी भीषण आगजनी की घटना हुई थी, जिसमें लगभग 160 लोगों की मौत हो गई थी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...