Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab में ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनाव के लिए मतदान शुरू

December 14, 2025

Punjab में ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनाव के लिए मतदान शुरू

पंजाब डेस्क: पंजाब में ब्लॉक समिति और जिला परिषद की सीटों के लिए आज मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। वोटिंग सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगी। राज्य चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थीं। मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

इन चुनावों में कुल 8,098 ब्लॉक समिति उम्मीदवारों और 1,249 जिला परिषद उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला मतपेटियों में बंद हो जाएगा। राज्य भर में कुल 1 करोड़ 36 लाख 4 हजार 650 से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 71 लाख 64 हजार 972 पुरुष मतदाता, 64 लाख 39 हजार 497 महिला मतदाता और 181 अन्य मतदाता शामिल हैं।

कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही लोग बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। कई जगहों पर मतदान शुरू होते ही कतारें लग गईं, जिससे मतदाताओं की भागीदारी साफ नजर आई।

चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए पोलिंग स्टाफ पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। वहीं, उम्मीदवारों के समर्थकों ने मतदान केंद्रों के बाहर टेंट लगाए और मतदाताओं से संपर्क करते हुए अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, इन चुनावों के नतीजे 17 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। तब तक सभी उम्मीदवारों और मतदाताओं की नजरें चुनाव परिणामों पर टिकी रहेंगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें