मोगा: पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि 26 नवंबर को मोगा जिले के गांव मटवाणी में आयोजित होने वाली ‘खुशहाल पंजाब रैली’ पंजाब के राजनीतिक इतिहास में एक ऐतिहासिक रैली साबित होगी। इस रैली में पंजाब भर से डेढ़ लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। रैली को सफल बनाने के लिए करीब 116 एकड़ भूमि में बड़े स्तर पर प्रबंध किए जा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री सौंद सोमवार को रैली स्थल पर पहुंचे और वहां चल रही तैयारियों तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित नेताओं और कार्यकर्ताओं से प्रबंधों की जानकारी भी हासिल की।
मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि 26 नवंबर, वीरवार को सुबह 11 बजे होने वाली इस विशाल रैली में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान विशेष रूप से शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि रैली में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने को देखते हुए पार्किंग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, पीने के पानी और लोगों के बैठने सहित सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में पंजाब के लोगों ने आम आदमी पार्टी को 92 विधायकों के साथ ऐतिहासिक जनादेश देकर सत्ता की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद से पंजाब सरकार की ओर से राज्य के विकास, जनकल्याण और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य पंजाब को विकास की राह पर आगे बढ़ाने के साथ-साथ आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब में भूजल के गिरते स्तर को रोकने और पानी की बचत करने के लिए करीब 10 हजार करोड़ रुपये की लागत से नहरी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए भूजल पर निर्भर न रहना पड़े और आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी के संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने नशों के खिलाफ सरकार की मुहिम का जिक्र करते हुए बताया कि इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिए राज्य में 15 हजार गांव रक्षा कमेटियों का गठन किया गया है। सरकार नशे के खिलाफ लड़ाई में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर रही है। इसके साथ ही युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए 3100 मॉडल खेल मैदान बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें से 1764 खेल मैदान बनाकर लोगों को समर्पित किए जा चुके हैं।
सौंद ने कहा कि किसानों को दिन के समय बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाने के साथ-साथ नहरी पानी की सुविधा भी दी जा रही है। वहीं, राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। निवेशकों को सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से सुविधाएं उपलब्ध करवाकर पंजाब में निवेश और औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को होने वाली ‘खुशहाल पंजाब रैली’ केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पंजाब सरकार की ओर से अब तक किए गए विकास कार्यों और राज्य के भविष्य की योजनाओं को जनता के सामने रखने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी होगी। इस दौरान सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ पंजाब के आगामी विकास का विजन और रोडमैप भी लोगों के साथ साझा किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और पंजाब के विकास से जुड़े इस कार्यक्रम का हिस्सा बनें। इस अवसर पर जिला प्रधान बरिंदर कुमार मधेके, ब्लॉक प्रधान स्वर्ण सिंह मान, मार्केट कमेटी अजीतवाल के चेयरमैन गुरमेल सिंह, गांव नत्थूवाला जदीद निवासी हरजिंदर सिंह, सरपंच हरजीत सिंह, संगठन इंचार्ज दविंदर सिंह, एमसी अमनजीत सिंह सहित आम आदमी पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
📍 Location: मोगा