
नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मशहूर फुटबॉलर लियोनेल मेसी की एक झलक पाने के लिए हजारों फैंस सॉल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे थे। लोगों ने महंगे टिकट खरीदे थे और उम्मीद थी कि वे अपने पसंदीदा खिलाड़ी को करीब से देख पाएंगे लेकिन मेसी के कार्यक्रम से निकलते ही स्टेडियम में हंगामा शुरू हो गया। गुस्साए फैंस ने टेबल-कुर्सियां तोड़ दीं और बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं।
दरअसल, मेसी की विजिट करीब 20 मिनट की थी। इस दौरान उन्हें नेताओं और अधिकारियों ने चारों ओर से घेर रखा था। भारी भीड़ के बावजूद आम दर्शकों को मेसी की एक झलक तक नहीं मिल सकी। इसी बात को लेकर लोगों में नाराजगी फैल गई और हालात बेकाबू हो गए।
VIP कल्चर को लेकर सियासत गरमाई
इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने पश्चिम बंगाल सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी सरकार भीड़ को संभालने में पूरी तरह नाकाम रही है। उनका आरोप है कि VIP कल्चर के कारण आम लोगों को मेसी को देखने का मौका नहीं मिला। हिमंता बिस्वा सरमा ने ममता बनर्जी की गिरफ्तारी की मांग की है।
ये भी पढ़ें: Bihar News: टेंट के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
असम CM ने ममता सरकार पर साधा निशाना
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि बड़े आयोजनों में भीड़ को संभालना सरकार की जिम्मेदारी होती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि गुवाहाटी में मशहूर गायक जुबीन गर्ग के निधन के बाद लाखों लोग सड़कों पर उतरे थे, फिर भी स्थिति पूरी तरह शांत रही। इसी तरह मुंबई में महिला विश्व कप फाइनल के दौरान भी कोई अव्यवस्था नहीं हुई।
असम के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बंगाल में VIP कल्चर हद से ज्यादा हावी है। पश्चिम बंगाल की गृह मंत्री खुद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं और कोलकाता पुलिस के कमिश्नर को गिरफ्तार कर लेना चाहिए। कोलकाता में जो कुछ भी हुआ, उसकी पूरी जिम्मेदारी गृह मंत्री और पुलिस कमिश्नर की है।
हिमंता बिस्वा सरमा ने आगे कहा कि लियोनेल मेसी पूरी दुनिया के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। ऐसे खिलाड़ी की मौजूदगी में आम लोगों को उनसे मिलने या देखने से वंचित करना गलत है। ममता बनर्जी को आत्ममंथन करने की जरूरत है और बंगाल में कानून-व्यवस्था पर गंभीर ध्यान दिया जाना चाहिए।
आयोजक गिरफ्तार
मेसी के कार्यक्रम के बाद बिगड़े हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। बाद में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने जानकारी दी कि इस इवेंट के आयोजक को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
VIDEO: ਅੰਮ੍ਰਿਤਸਰ ‘ਚ ਜ਼ਿਲ੍ਹਾ ਪ੍ਰੀਸ਼ਦ ਤੇ ਬਲਾਕ ਸੰਮਤੀ ਦੀਆਂ ਚੋਣਾਂ ਦੀ ਹੋਈ ਸ਼ੁਰੂਆਤ, ਦੇਖੋ ਮੌਕੇ ਦੇ ਹਾਲਾਤ
मेष: दिन शुभ रहेगा...