
रेवाड़ी : इसे एक विडम्बना ही कहेंगे कि आजकल की पढ़ी लिखी युवा पीढ़ी जल्द ही करोड़पति बनने की चाह में संगीन अपराधों के गहरे दलदल में उलझती चली जा रही है और इसी कड़ी में दो ऐसे ही पढ़े लिखे शातिर बदमाशों ने दिल्ली से जयपुर जाने के लिए कैब बुक करने के बाद हरियाणा के रेवाड़ी में कैब चालक को गोली मार दी और कैब छीनकर फरार हो गए, लेकिन दोनों ही शातिर बदमाशों को रेवाड़ी की स्मार्ट पुलिस ने चंद घण्टो में ही छीनी गई कैब और भारी असले के साथ गिरफ्तार कर लिया।पकड़े गए बदमाशों में से एक एस्ट्रोलॉजी में पी.एच.डी.का छात्र है और दूसरा एम.ए.करने के बाद यू.जी.सी.नेट की तैयारी कर रहा है।
ये भी पढ़ें- पीटी उषा पर टूटा दुखों का पहाड़, पति वी. श्रीनिवासन का हुआ निधन
इस संदर्भ में पुलिस उपाधीक्षक सुरेंद्र श्योराण ने कसोला थाने में प्रेसवार्ता कर बताया कि आज सुबह 6 बजे इन्हें पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि कुछ बदमाशों ने एक कैब चालक को गोली मार दी और उसकी कैब छीनकर फरार हो गए। पीड़ित कैब चालक को ट्रॉमा सेंटर रेवाड़ी में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि संजय नाम का व्यक्ति उबर कैब चालक जो मूलरूप से अलीगढ़ का रहने वाला है और उबर एजेंसी की फ्रैंचाइजी पर दिल्ली में टेक्सी चलाता है। कैब चालक संजय सोमवार रात को करीब एक बजे पुरानी दिल्ली से दो युवकों को लेकर जयपुर के लिए चला था, जैसे ही वह रेवाड़ी से सटे दिल्ली जयपुर मार्ग पर बनीपुर चौक पर पंहुचा तो कैब में सवार युवकों ने उसकी कनपटी पर रिवाल्वर तान दी जिसका उसने विरोध किया तो उन्होंने संजय पर फायरिंग कर दी जिससे एक गोली संजय के पैर में लगी।
इसके बाद दोनों शातिर संजय को कार से धक्का मारकर उसकी कैब के साथ फरार हो गए और जाते जाते शातिर संजय का मोबाइल कुछ नकदी भी ले गए। किसी तरीके से घायल कैब चालक ने पुलिस को सूचना दी और फिर उसे ट्रामा सेंटर ले जाया गया। उन्होंने बताया कि वारदात की सूचना के तुरंत बाद रेवाड़ी सी.आई.ए.और थाने की पुलिस ने मिलकर दोनों आरोपियों को छीनी गई कैब के साथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक दिव्यांश जोकि अजमेर का रहने वाला है और जयपुर से एस्ट्रोलॉजी में पी.एच.डी.कर रहा है व दूसरा आरोपी शुभम जोकि आजमगढ़ का रहने वाला है और वह भी एम.ए.करने के बाद यू.जी.सी.से नेट की तैयारी कर रहा है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...