Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

ट्रक-पिकअप भिड़ंत, आग में जलकर खाक हुई गाड़ी; चालक घायल

December 19, 2025

ट्रक-पिकअप भिड़ंत, आग में जलकर खाक हुई गाड़ी; चालक घायल

रेवाड़ी। कोसली बाईपास पर गुरुवार रात हुए एक सड़क हादसे में पिकअप वाहन आग की चपेट में आ गया, जिससे चालक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि टक्कर मारने वाला ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पिकअप पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

जांच में सामने आया है कि महेंद्रगढ़ जिले के गांव करोता निवासी प्रदीप पिकअप लेकर झज्जर से कनीना की ओर जा रहा था। इसी दौरान कोसली बाईपास पर विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर के तुरंत बाद वाहन में आग लग गई।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को समय रहते बाहर निकालकर कोसली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

कोसली थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी पहचान और तलाश की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें