शिमला: पहाड़ों की रानी शिमला विंटर कार्निवल के रंगों से सज गई है। सैलानियों को आकर्षित करने के मकसद से शिमला नगर निगम कार्निवल का आयोजन कर रहा है। सप्ताह भर चलने वाले विंटर कार्निवल के लिए रिज पर बना मंच रंग-बिरंगी रोशनी से सराबोर है। बहुरंगी रोशनी में नहाए कार्निवल का मंच सुरों की महफिल से सज चुका है। बुधवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विंटर कार्निवल का शुभारंभ किया। कार्निवल के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सांस्कृतिक दलों की परेड को झंडी दिखाकर रवाना किया। परेड में प्रदेश की समृद्ध लोक.संस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिली।
ये भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान
मुख्यमंत्री ने गेयटी थियेटर में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा टाउन हॉल के समीप महानाटी और होम गार्ड इंटर बटालियन बैंड प्रतिस्पर्धा को भी देखा। उन्होंने ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ थीम पर आधारित इस कार्निवाल के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। कार्निवाल के दौरान मुख्यमंत्री ने पर्यटकों से संवाद कर उनके अनुभव भी जाने। उन्होंने प्रदेश में आने वाले पर्यटकों का स्वागत करते हुए कहा कि हिमाचल की शांत वादियां और शुद्ध वातावरण न केवल आनंद बल्कि बेहतर स्वास्थ्य का भी अनुभव कराते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
ये भी पढ़ें: हिमाचल HC का फैसला, अभिषेक भारद्वाज को जमानत मिली
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है और इसकी वादियां हर वर्ष करोड़ों पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ.साथ सांस्कृतिक विरासत को सामने लाने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। शिमला विंटर कार्निवाल जैसे आयोजनों से पर्यटन को नए आयाम मिलते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में ईको-टूरिज्म की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए संशोधित ईको-टूरिज्म नीति अधिसूचित की गई है। इसके तहत 11 ईको-टूरिज्म स्थलों का आवंटन हो चुका है जबकि 27 अन्य स्थलों की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वर्ष 2023 से नवंबर 2025 तक ईको-टूरिज्म गतिविधियों से लगभग छह करोड़ रुपए की आय अर्जित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि होम-स्टे को प्रोत्साहित करने के लिए ब्याज अनुदान योजना शुरू की गई है तथा पंजीकरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल भी आरम्भ किया गया है। इस अवसर पर मंत्रियों, विधायकों, वरिष्ठ अधिकारियों, नगर निगम प्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

वही दूसरी और हिमाचल प्रदेश उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अगुवाई में निकाली गई शोभायात्रा के साथ कांगड़ा वैली कार्निवल का भव्य तरीके से शुभारंभ हुआ। धर्मशाला के कचहरी अड्डा स्थित हनुमान मंदिर मे पूजा-अर्चना के उपरांत भव्य शोभा यात्रा के साथ कांगड़ा कार्निवाल का औपचारिक शुभारंभ किया। शुभारंभ अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्सव, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर वातावरण देखने को मिला। शोभायात्रा में हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए अनेक सांस्कृतिक दलों ने सहभागिता की। पारंपरिक लोकनृत्य, वाद्य यंत्रों की मधुर धुनें, रंग-बिरंगी झांकियां और आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा ने दर्शकों का मन मोह लिया। शोभा यात्र हनुमान मंदिर से पुलिस मैदान तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने हिमाचल दर्शन गैलरी का भी शुभारंभ किया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...