Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘हमने जम्मू-कश्मीर से 370 की दीवार तोड़ी’, राष्ट्र प्रेरणा स्थल से पीएम मोदी का हमला

December 25, 2025

‘हमने जम्मू-कश्मीर से 370 की दीवार तोड़ी’, राष्ट्र प्रेरणा स्थल से पीएम मोदी का हमला

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के मौके पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय की विशाल कांस्य प्रतिमाओं का भी अनावरण किया और एक जनसभा को संबोधित किया।

पीएम मोदी ने कहा कि जिस जमीन पर यह प्रेरणा स्थल बनाया गया है, वहां पहले 30 एकड़ से ज्यादा इलाके में कूड़े का ढेर था। पिछले तीन सालों में इस पूरे क्षेत्र को साफ कर इसे एक आधुनिक और प्रेरणादायक स्थल में बदला गया है। उन्होंने इस काम के लिए मज़दूरों, कारीगरों, योजनाकारों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उनकी टीम की सराहना की।

गर्व है, हमने आर्टिकल 370 की दीवार को तोड़ा

प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारत में “दो संविधान, दो झंडे और दो राष्ट्राध्यक्ष” की सोच का विरोध किया था। आज़ादी के बाद जम्मू-कश्मीर में यह व्यवस्था देश की एकता के लिए बड़ी चुनौती थी। पीएम मोदी ने कहा, “बीजेपी को गर्व है कि हमारी सरकार को आर्टिकल 370 की दीवार को तोड़ने का अवसर मिला।”

 

टेलीकॉम क्रांति का श्रेय अटल जी को- पीएम मोदी 

अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश में डिजिटल पहचान और डिजिटल इंडिया की जो चर्चा हो रही है, उसकी नींव अटल जी की सरकार ने रखी थी। उनके समय में जिस पहचान पत्र पर काम शुरू हुआ, वही आज आधार कार्ड के रूप में दुनिया भर में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि भारत में टेलीकॉम क्रांति का श्रेय भी अटल जी को जाता है। उनकी नीतियों से फोन और इंटरनेट हर घर तक पहुंचा।

पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया के सबसे बड़े मोबाइल और इंटरनेट यूज़र वाले देशों में शामिल है और पिछले 11 सालों में भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन निर्माता बन गया है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि उत्तर प्रदेश आज देश का नंबर वन मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग राज्य है।

मेड इन इंडिया के उत्पाद दुनिया भर में पहुंच रहे

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज मेड इन इंडिया के उत्पाद दुनिया भर में पहुंच रहे हैं। उत्तर प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ योजना से छोटे उद्योगों को नई ताकत मिली है।उन्होंने बताया कि राज्य में डिफेंस कॉरिडोर बनाया जा रहा है और ब्रह्मोस मिसाइल अब लखनऊ में बनाई जा रही है। आने वाले समय में यूपी का डिफेंस कॉरिडोर दुनिया में पहचान बनाएगा।

पंडित दीन दयाल उपाध्याय को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनका सपना था अंत्योदय, यानी आखिरी व्यक्ति का उत्थान। प्रधानमंत्री ने कहा, “दीन दयाल जी के इसी सपने को मैंने अपना संकल्प बना लिया है।” राष्ट्र प्रेरणा स्थल के बारे में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह स्थान आत्म-सम्मान, एकता और सेवा के मूल्यों को दर्शाता है। यह हमें सिखाता है कि देश के निर्माण के लिए हर कदम और हर प्रयास समर्पित होना चाहिए।

क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं- पीएम मोदी 

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने क्रिसमस की शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि भारत में लाखों ईसाई परिवार यह पर्व मना रहे हैं। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर का दिन अटल बिहारी वाजपेयी, मदन मोहन मालवीय और महाराजा बिजली पासी की जयंती का भी अवसर है। प्रधानमंत्री ने इन सभी महान व्यक्तित्वों को श्रद्धापूर्वक नमन किया और कहा कि उन्होंने भारत की पहचान, एकता और गौरव को मजबूत किया। पीएम मोदी ने कहा कि लखनऊ की धरती आज एक नई राष्ट्रीय प्रेरणा की गवाह बनी है और यह स्थल आने वाली पीढ़ियों को देश के लिए काम करने की प्रेरणा देता रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें