नेशनल डेस्क। राजस्थान की राजधानी जयपुर के ग्रामीण इलाके चौमूं में एक मस्जिद के बाहर शुक्रवार सुबह हिंसा भड़कने की खबर सामने आई। मस्जिद के बाहर लगे पत्थर को हटाने को लेकर पुलिस और समुदाय के कुछ लोगों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद हालात बिगड़ गए और पथराव शुरू हो गया।
मस्जिद के बाहर झगड़ा कैसे शुरू हुआ
चौमूं तहसील के बस स्टैंड के पास एक मस्जिद के बाहर लंबे समय से एक बड़ा पत्थर लगा हुआ था। प्रशासन और मस्जिद से जुड़े लोगों ने पहले यह तय किया था कि पत्थर हटाया जाएगा। लेकिन गुरुवार देर रात मस्जिद के लोगों ने वहीं रेलिंग लगाकर बाउंड्री बनाना शुरू कर दिया। जैसे ही पुलिस बीच में रोकने पहुंची, लोगों ने विरोध किया। पुलिस की सख्ती के बाद भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे माहौल और बिगड़ गया।
पुलिस ने किया लाठीचार्ज
भीड़ के पथराव के बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। हालात काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। लगभग सुबह 4 बजे यह पूरा बवाल हुआ।
पुलिसकर्मियों को लगी चोटें
पथराव के दौरान करीब 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनका इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इलाके में इंटरनेट बंद
घटना के बाद क्षेत्र में डर और तनाव का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। चौमूं कस्बा इस समय छावनी जैसा नजर आ रहा है, पूरे इलाके में भारी पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में
पुलिस एक्शन के बाद अभी मौके पर शांति बनी हुई है। लेकिन किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
ये भी पढ़ेंः यात्रीगण कृपया ध्यान दें… आज से महंगा हुआ ट्रेन का सफर, जानें आपकी जेब पर कितना पड़ेगा असर
मेष: दिन शुभ रहेगा...