नेशनल डेस्क: बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके सहयोगियों की बढ़त पर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने खुशी जताई है। शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि शुरुआती रुझानों में बीजेपी करीब 98 सीटों पर आगे चल रही है और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। उन्होंने इसे विपक्ष के लिए “करारा जवाब” बताया।
सुधांशु त्रिवेदी ने इस जीत को ऐतिहासिक करार देते हुए महाराष्ट्र की जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी और एनडीए को लगातार जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा, “BMC जैसी बड़ी नगर निगम में यह सफलता दिखाती है कि लोग बीजेपी और महायुति पर भरोसा कर रहे हैं। इसके लिए हम महाराष्ट्र के लोगों का आभार व्यक्त करते हैं।” त्रिवेदी ने यह भी कहा कि युवाओं ने विकास के मुद्दे पर महायुति को समर्थन दिया है। उनके मुताबिक, युवा पीढ़ी यानी GenZ ने “विकसित भारत” के विचार के पक्ष में वोट दिया है, जो देश के भविष्य के लिए एक सकारात्मक संकेत है।
ये भी पढ़ें: Kia Carens Clavis का नया HTE (EX) वेरिएंट हुआ लॉन्च, 12.54 लाख में मिलेंगे ये प्रीमियम फीचर्स
विपक्ष पर निशाना साधते हुए बीजेपी सांसद ने INDIA गठबंधन की एकता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने नकारात्मक राजनीति करने वालों को साफ संदेश दिया है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि अब INDIA गठबंधन का भविष्य ही सवालों के घेरे में है और पश्चिम बंगाल में भी तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस का साथ आना मुश्किल है। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि महायुति की बढ़त यह दिखाती है कि महाराष्ट्र आज भी राष्ट्रवादी सोच से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि हमेशा से राष्ट्रवादी चेतना का केंद्र रही है। उन्होंने विपक्ष पर केवल दिखावे की एकता करने का आरोप भी लगाया। त्रिवेदी ने कहा कि जनता तथाकथित “हिंदी विरोधी” और अवसरवादी राजनीति से ऊब चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी दल मंच पर एकता की बात करते हैं, लेकिन अंदर ही अंदर एक-दूसरे से लड़ते रहते हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के “वोट चोरी” जैसे आरोपों पर बिना नाम लिए जवाब देते हुए त्रिवेदी ने कहा कि बीजेपी की लगातार जीत ही विपक्ष के सभी आरोपों का जवाब है। उन्होंने विपक्ष की हालत को एक फिल्मी गाने के जरिए भी बयान किया।
यह भी पढ़ें: इस बार गोली नहीं चूकेगी… ईरान की अमेरिकी राष्ट्रपति को जान से मारने की धमकी
ताजा रुझानों के मुताबिक, BMC चुनाव में बीजेपी-शिवसेना (शिंदे गुट) गठबंधन लगभग 128 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना करीब 30 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इसके अलावा महाराष्ट्र के अन्य 28 नगर निगमों में भी बीजेपी का प्रदर्शन मजबूत बताया जा रहा है। रुझानों के अनुसार नागपुर, पुणे, ठाणे, नासिक और संभाजीनगर नगर निगमों में बीजेपी आगे चल रही है।