Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब में बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के माता-पिता को किया गिरफ्तार, आज कोर्ट में पेशी

January 27, 2026

पंजाब में बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के माता-पिता को किया गिरफ्तार, आज कोर्ट में पेशी

अमृतसर: पंजाब में संगठित अपराध के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुख्यात गैंगस्टर और आतंकवादी गोल्डी बराड़ के माता-पिता को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी से जुड़े एक गंभीर मामले में की गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शमशेर सिंह (पुत्र गुरबख्श सिंह) और उनकी पत्नी प्रीतपाल कौर के रूप में हुई है। दोनों को श्री मुक्तसर साहिब जिले के सदर थाना में दर्ज एक मामले के तहत हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने इन्हें अमृतसर से गिरफ्तार किया है और आज दोनों को अदालत में पेश किया जाएगा।

WhatsApp कॉल पर मांगी गई थी 50 लाख की फिरौती

मामले में शिकायतकर्ता सतनाम सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह पिछले 33 वर्षों से शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 27 नवंबर 2024 की सुबह स्कूल ड्यूटी के दौरान उन्हें एक विदेशी WhatsApp नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बंबीहा गैंग का सदस्य बताया और सीधे तौर पर 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की।

आरोपी ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो शिकायतकर्ता और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। कॉल करने वाले ने यह भी कहा कि उसे शिकायतकर्ता के घर, परिवार और रोजमर्रा की गतिविधियों की पूरी जानकारी है।

एक ही दिन में कई बार आई धमकी भरी कॉल

शिकायतकर्ता के अनुसार, यह धमकी भरी कॉल सिर्फ एक बार नहीं, बल्कि उसी दिन कई बार आई, जिससे वह मानसिक रूप से बुरी तरह डर गया। इसके बाद 3 दिसंबर 2024 को दोबारा कॉल आई, लेकिन डर के कारण उसने फोन नहीं उठाया। पूरे घटनाक्रम के बाद उसने परिवार को इसकी जानकारी दी और उनकी सलाह पर सदर थाना, श्री मुक्तसर साहिब में शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस जांच में हुआ बड़ा खुलासा

मुक्तसर साहिब पुलिस का कहना है कि जब इस मामले में FIR दर्ज की गई थी, उस समय बंबीहा गैंग और गोल्डी बराड़ का नेटवर्क आपस में जुड़ा हुआ था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गोल्डी बराड़ के परिजनों के पास आय का कोई ठोस स्रोत नहीं था और वे कथित तौर पर फिरौती की रकम पर निर्भर थे।

ये भी पढ़ें: अमेरिका में तूफान का कहर, 29 की मौत, लाखों लोग अंधेरे में, हजारों की संख्या में फ्लाइटें रद्द

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का मास्टरमाइंड है गोल्डी बराड़

गौरतलब है कि गोल्डी बराड़ पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मुख्य साजिशकर्ता रह चुका है। इसके अलावा वह कई संगीन आपराधिक मामलों में वांछित है। पुलिस के मुताबिक, वह फिलहाल विदेश से अपना आपराधिक नेटवर्क संचालित कर रहा है और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर है। पंजाब पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें