Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

UN में एक बार फिर भारत ने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान को लताड़ा

January 27, 2026

UN में एक बार फिर भारत ने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान को लताड़ा

नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र (UN) के मंच पर भारत ने पाकिस्तान को खुलकर फटकार लगाई। भारत ने साफ कहा कि पाकिस्तान “ऑपरेशन सिंदूर” को लेकर दुनिया को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है और झूठ फैला रहा है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वथनेनी हरीश ने कहा कि पाकिस्तान का असली मकसद सिर्फ भारत और भारतीयों को नुकसान पहुंचाना है। पी. हरीश ने अपने बयान में कहा पाकिस्तान ने पिछले साल मई में ऑपरेशन सिंदूर के बारे में झूठा और भ्रामक बयान दिया। पाकिस्तान दुनिया के सामने गलत कहानी पेश कर रहा है, जबकि सच्चाई कुछ और है। उनका कहना था कि पाकिस्तान हर बार अपनी हरकतों को छुपाने के लिए झूठ का सहारा लेता है।

भारतीय प्रतिनिधि ने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा 9 मई तक पाकिस्तान भारत पर और हमले करने की धमकी दे रहा था। लेकिन 10 मई को हालात बदल गए — पाकिस्तानी सेना ने खुद भारतीय सेना को फोन किया। उस फोन कॉल में पाकिस्तान ने लड़ाई रोकने की गुहार लगाई। इससे भारत ने यह संदेश देने की कोशिश की कि पाकिस्तान पहले आक्रामक भाषा बोलता है, लेकिन जवाब मिलने पर पीछे हट जाता है।

भारतीय कार्रवाई से पाकिस्तानी एयरबेस को नुकसान
भारत ने यह भी दावा किया कि भारतीय सैन्य कार्रवाई में पाकिस्तान को भारी नुकसान हुआ। कई पाकिस्तानी एयरबेस प्रभावित हुए, रनवे (जहां विमान उड़ान भरते हैं) टूट गए, हैंगर (जहाँ विमान रखे जाते हैं) जल गए, इनकी तस्वीरें सार्वजनिक रूप से देखी जा सकती हैं। भारत का कहना है कि ये सबूत बताते हैं कि कार्रवाई प्रभावी थी।

 

“आतंकवाद कभी ‘न्यू नॉर्मल’ नहीं हो सकता”
पाकिस्तान की ओर से “न्यू नॉर्मल” (नई सामान्य स्थिति) शब्द इस्तेमाल किए जाने पर भारत ने कड़ा विरोध जताया। पी. हरीश ने कहा आतंकवाद को कभी भी सामान्य नहीं माना जा सकता। भारत का आरोप है कि पाकिस्तान आतंकवाद को अपनी राज्य नीति की तरह इस्तेमाल करता है। लेकिन दुनिया को इसे स्वीकार नहीं करना चाहिए। संयुक्त राष्ट्र जैसे मंच का इस्तेमाल आतंकवाद को सही ठहराने के लिए नहीं होना चाहिए।

कश्मीर पर पाकिस्तान को जवाब
भारत के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने का पाकिस्तान को कोई अधिकार नहीं। जम्मू और कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा था है और हमेशा रहेगा। भारत ने दो टूक कहा कि यह मुद्दा किसी अंतरराष्ट्रीय बहस का विषय नहीं है।

सिंधु जल संधि पर भी सख्त रुख
भारत ने सिंधु जल संधि का मुद्दा भी उठाया। यह संधि 65 साल पहले दोस्ती और सद्भावना के साथ की गई थी लेकिन भारत का कहना है कि पाकिस्तान ने तीन युद्ध किए, हजारों आतंकी हमले करवाए, संधि की भावना का सम्मान नहीं किया। भारत ने कहा कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद में हजारों भारतीय मारे गए हैं। इसी कारण भारत को मजबूर होकर यह कहना पड़ा कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद का समर्थन बंद नहीं करता, तब तक सिंधु जल संधि को निलंबित रखा जाएगा।

भारत का साफ संदेश
पाकिस्तान झूठ फैला रहा है। आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता से कोई समझौता नहीं करेगा। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी उम्मीद जताई कि वे सच्चाई को समझें और आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से खड़े हों।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें