एंटरटेनमेंट डेस्क: 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में फंसे बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम राहत मिली है। 5 फरवरी को अदालत ने उनकी उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने बकाया रकम चुकाने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। इसके बाद अभिनेता ने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया था। हालांकि 17 फरवरी को उन्हें जमानत मिल गई और दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी सजा को 18 मार्च तक के लिए निलंबित कर दिया।
जेल में सरेंडर करने से पहले राजपाल यादव काफी परेशान बताए जा रहे थे। उनके हवाले से कहा गया था कि उनके पास पैसे नहीं हैं और इस मुश्किल समय से उन्हें अकेले ही गुजरना पड़ रहा है। अब जमानत पर रिहा होने के बाद अभिनेता ने अपने बयानों और आर्थिक स्थिति को लेकर सफाई दी है।
एक इंटरव्यू में राजपाल यादव ने कहा कि मैं अभी इस पर कमेंट नहीं कर सकता, लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि मैं पैसों से घिरा हुआ हूं, राजपाल चलती फिरती चेक बुक है। मैं पैसा कमाता हूं, मैं लोगों को पैसा कमाने में मदद करता हूं और कई घर इस पर डिपेंड करते हैं।
बातचीत के दौरान उन्होंने अपने छोटे से राजनीतिक सफर का भी जिक्र किया। राजपाल ने बताया कि उन्होंने साल 2019 में राजनीति छोड़ दी थी क्योंकि वे सिर्फ अपने लोगों की सेवा करना चाहते थे। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने चल रही कानूनी प्रक्रिया पर ज्यादा ध्यान न देकर अपने काम और परिवार पर फोकस करने की बात कही।
उन्होंने उन लोगों का भी आभार जताया, जिन्होंने कठिन समय में उनका साथ दिया। राजपाल ने बताया कि रिहा होने के तुरंत बाद उन्हें अपनी भतीजी की शादी में शामिल होना पड़ा और उन्हें अपने करीबी लोगों को बुलाने का भी समय नहीं मिला, जिन लोगों के नाम मदद के लिए सामने आ रहे हैं, वे उनके करियर की शुरुआत से ही साथ रहे हैं। उनके मुताबिक, सिर्फ धन्यवाद कहना उनके समर्थन के लिए काफी नहीं है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म इंडस्ट्री के कुछ बड़े नामों ने इस दौरान उन्हें आर्थिक सहयोग दिया। इनमें सलमान खान, अजय देवगन, डेविड धवन, सोनू सूद, गुरु रंधावा और मीका सिंह जैसे नाम शामिल बताए जा रहे हैं। जमानत मिलने के बाद राजपाल यादव फिर से काम पर लौट आए हैं। खबर है कि उन्होंने अपनी फिल्म वेलकम टू द जंगल की शूटिंग दोबारा शुरू कर दी है। फिलहाल वे कानूनी प्रक्रिया का सामना करते हुए अपने पेशेवर काम में व्यस्त हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...