Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुरुग्राम हादसे में उजड़ गए कई परिवार, मिट्टी धसने से हुई 7 मजदूरों की मौत

March 11, 2026

गुरुग्राम हादसे में उजड़ गए कई परिवार, मिट्टी धसने से हुई 7 मजदूरों की मौत

हरियाणा डेस्क: हरियाणा के गुरुग्राम जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिलासपुर थाना क्षेत्र के सिधरावली गांव में हाईवे के किनारे बन रही सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी की निर्माणाधीन साइट पर बेसमेंट की खुदाई के दौरान मिट्टी अचानक ढह गई। इस हादसे में सात मजदूरों की मौत हो गई और चार से पांच मजदूर घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए भिवाड़ी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम सीमा के पास ओल्ड राव होटल के नजदीक स्थित इस सोसायटी में पिछले कई दिनों से बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा था। इस काम में करीब 25 से अधिक मजदूर लगे हुए थे। सोमवार शाम मजदूर बेसमेंट में मिट्टी हटाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बगल की मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई और वहां काम कर रहे कई मजदूर उसके नीचे दब गए।

हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ मजदूर तुरंत वहां से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे और कई मजदूर मलबे में दब गए। शुरुआत में तीन मजदूरों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया, लेकिन करीब 12 मजदूर अंदर ही दबे रह गए। इसके बाद लोगों ने तुरंत बिलासपुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंच गई। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे 12 मजदूरों को बाहर निकाला गया और सभी को इलाज के लिए भिवाड़ी के जिला अस्पताल भेजा गया।

जिला अस्पताल भिवाड़ी के प्रभारी डॉ. सागर अरोड़ा के मुताबिक, अस्पताल लाए गए मजदूरों में से सात लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच मजदूरों का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान शुरू में स्पष्ट नहीं हो पाई थी, लेकिन बाद में जिन मजदूरों की मौत हुई है। उनके नाम सतीश, भागीरथ, मिलन, मंगोल, शिव शंकर और परमेश्वर बताए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका सामने आ रही है, जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। एसीपी पटौदी योगेश कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद जो भी जिम्मेदार पाए जाएंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल राहत और जांच की प्रक्रिया जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें