इंटरनेशनल डेस्क: बुधवार को दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास दो ड्रोन गिरने की घटना सामने आई, जिससे वहां कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारियों के मुताबिक इस घटना में कुल चार लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो घाना के नागरिक, एक बांग्लादेशी नागरिक और एक भारतीय नागरिक शामिल हैं। सभी को हल्की चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 100 से ज्यादा नक्सलियों ने टेके घुटने, सिर पर था करोड़ों का इनाम
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके की जांच की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत आसपास के क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी और यह पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी कि ड्रोन कहां से आए और किस कारण से गिरे।
दुबई मीडिया ऑफिस ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXB) के पास दो ड्रोन गिरने की पुष्टि हुई है। इस घटना में चार लोगों को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन किसी को गंभीर नुकसान नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें- अमेरिका में ज्वालामुखी 1000 फीट तक उगल रहा लावा, आसपास के इलाकों में गिर रहे पत्थर और राख
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना का एयरपोर्ट के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा है। सभी उड़ानें तय समय पर चल रही हैं और एयर ट्रैफिक पूरी तरह सामान्य है। सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही हैं और ड्रोन के स्रोत तथा घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।