नई दिल्लीः जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी अब राष्ट्रीय लोक दल (RLD) में शामिल हो गए हैं। उन्हें पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। हाल ही में त्यागी ने JDU से इस्तीफा दिया था। उस समय उन्होंने कहा था कि पार्टी में बातचीत (संवाद) की कमी है और संगठन का विस्तार नहीं हो रहा है।
आरएलडी में आने के बाद क्या बोले केसी त्यागी
आरएलडी जॉइन करने के बाद केसी त्यागी ने साफ कहा कि वे पहले ही लोकसभा और राज्यसभा दोनों के सदस्य रह चुके हैं। अब वे सांसद या विधायक बनने के लिए राजनीति में नहीं आए हैं। उनका उद्देश्य जयंत चौधरी को मजबूत नेता बनाना है। उन्होंने कहा कि वे जयंत चौधरी को उनके दादा चौधरी चरण सिंह जैसा बड़ा नेता बनते देखना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह दिन आए जब जयंत चौधरी देश के प्रधानमंत्री के चयन में अहम भूमिका निभाएं, जैसे चौधरी चरण सिंह ने मोरारजी देसाई के समय निभाई थी।
#WATCH | Delhi: Former JDU leader KC Tyagi joins Rashtriya Lok Dal (RLD) in the presence of RLD President and Union Minister Jayant Chaudhary. pic.twitter.com/kTlAtVxNqP
— ANI (@ANI) March 22, 2026
मुस्लिम समुदाय को लेकर भी दिया बयान
केसी त्यागी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल को मुस्लिमों की पार्टी भी माना जा सकता है। आजाद भारत में उत्तर प्रदेश में जितने मुस्लिम सांसद चौधरी चरण सिंह ने बनाए, उतने किसी और नेता ने नहीं बनाए। उन्होंने कहा कि अब वे अपने अनुभव और बचे हुए समय को जयंत चौधरी को मजबूत करने में लगाएंगे। साथ ही उन्होंने साफ कर दिया कि वे किसी पद के लिए आरएलडी में नहीं आए हैं।
2027 चुनाव को लेकर क्या बोले
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर त्यागी ने कहा वे चाहते हैं कि 2027 तक आरएलडी इतनी मजबूत हो जाए कि जयंत चौधरी तय करें कि यूपी का मुख्यमंत्री कौन बनेगा। जेडीयू छोड़ने के बाद आरएलडी ने उन्हें पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया था, जिसके बाद उनके इस कदम की संभावना बढ़ गई थी।
केसी त्यागी का राजनीतिक सफर
केसी त्यागी का पूरा नाम किशन चंद त्यागी है, जो मूल निवासी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहवे वाले हैं। राजनीति में शुरुआत उनकी 1970 के दशक में हुई थी। इसके बाद लगभग 50 साल का लंबा राजनीतिक अनुभव है। वे पहली बार 1989 में हापुड़ लोकसभा सीट से सांसद बने थे। उन्होंने बुद्ध प्रिया मौर्य को 33,254 वोटों से हराया था।
नीतीश कुमार के करीबी माने जाते थे
केसी त्यागी को नीतीश कुमार का करीबी नेता माना जाता रहा है। JDU में उनकी गिनती वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं में होती थी।