नेशनल डेस्क: बरेली के सीबीगंज क्षेत्र में दिल्ली-रामपुर रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसने इंसानियत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां डीपीएस स्कूल के सामने एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वह करीब 15 मिनट तक सड़क पर ही पड़ा तड़पता रहा। हैरानी की बात यह रही कि वहां मौजूद लोग उसकी मदद करने के बजाय अपने मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। कुछ लोगों ने इन वीडियो को सोशल मीडिया पर भी शेयर कर दिया, लेकिन घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश किसी ने नहीं की।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन आरोप है कि सूचना के बाद भी काफी देर तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। बताया जा रहा है कि करीब 25 मिनट बाद जाकर घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में भर्ती युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि सड़क हादसों के दौरान लोगों की प्राथमिकता मदद करना होनी चाहिए, न कि वीडियो बनाना।