Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bomb Threat: चंडीगढ़ के स्कूलों को आज फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

April 16, 2026

Bomb Threat: चंडीगढ़ के स्कूलों को आज फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

पंजाब डेस्क: चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित एक स्कूल को आज सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे स्कूल परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय छात्र प्रार्थना के बाद अपनी-अपनी कक्षाओं में मौजूद थे। अचानक भारी पुलिस बल की तैनाती से स्कूल में अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए छात्रों और स्टाफ को शांत रहने और सहयोग करने की अपील की।

पूरे परिसर की गहन जांच

बम स्क्वॉड की टीम ने स्कूल के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी शुरू की। कक्षाओं, गलियारों, स्टोर रूम, पार्किंग क्षेत्र और खुले स्थानों में विशेष उपकरणों की मदद से जांच की गई। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर तैनात रही। स्कूल के बाहर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है।

साइबर टीम कर रही जांच

पुलिस के अनुसार, यह धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को जांच में शामिल किया गया है, जो ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है। अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सतर्क रखा गया है।

ये भी पढ़ें…

पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां

गौरतलब है कि चंडीगढ़ में इससे पहले भी कई स्कूलों और सरकारी संस्थानों जैसे पासपोर्ट कार्यालय, डाकघर, पंजाब सचिवालय, हाईकोर्ट और जिला अदालत को इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि, पिछले मामलों में कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई थी, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर बार पूरी गंभीरता से जांच करती हैं। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें