Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी, 48 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान, लोगों का जनजीवन बेहाल

May 23, 2026

देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी, 48 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान, लोगों का जनजीवन बेहाल

नेशनल डेस्कः देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन बेहाल कर दिया है। शुक्रवार को देश के कई हिस्सों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जिससे आम जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में 28 मई तक हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।

ये भी पढ़ें :-

28 मई तक हीटवेव का अलर्ट

आईएमडी के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में 22 से 28 मई के बीच गंभीर हीटवेव की आशंका है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी अगले कई दिनों तक लू चलने का अनुमान जताया गया है। राजस्थान में भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है और पश्चिमी राजस्थान में 24 से 28 मई तक गंभीर हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और हिमालयी राज्यों के कुछ हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में लू का असर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा और तेलंगाना में “वॉर्म नाइट” यानी बेहद गर्म रातों की भी चेतावनी दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक यह स्थिति अधिक खतरनाक होती है, क्योंकि रात में तापमान कम न होने से शरीर को दिनभर की गर्मी से राहत नहीं मिल पाती। इधर, दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार सुबह दिल्ली और एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले दो घंटों के दौरान तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, कई इलाकों में धूल भरी आंधी के बाद मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।

इन राज्यों में गर्म हवाओं का असर

राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में गर्म हवाओं का असर लगातार बना हुआ है। हरियाणा के रोहतक में तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि फरीदाबाद के कई इलाकों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया। गुरुग्राम में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने के कारण प्रशासन ने 24 से 27 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने स्पष्ट कहा है कि गर्म और शुष्क हवाएं अभी जारी रहेंगी।

वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे हिमालयी राज्यों में भी असामान्य गर्मी दर्ज की जा रही है। आईएमडी ने इन राज्यों के कुछ हिस्सों में भी हीटवेव की संभावना जताई है। इससे साफ है कि इस बार गर्मी का असर पूरे देश में व्यापक रूप से देखने को मिल रहा है।

प्रशासन ने लोगों से की अपील

जलवायु विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में हीटवेव की बढ़ती तीव्रता और अवधि के पीछे जलवायु परिवर्तन एक बड़ी वजह है। अध्ययनों के मुताबिक, देश में हर दशक में हीटवेव की अवधि लगभग 0.44 दिन बढ़ रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि अब केवल दिन की गर्मी ही नहीं, बल्कि रात के बढ़ते तापमान और नमी ने भी हालात को ज्यादा गंभीर बना दिया है। सबसे अधिक खतरा बुजुर्गों, बच्चों, बाहर काम करने वाले मजदूरों और पहले से बीमार लोगों को है। प्रशासन ने लोगों से दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने की अपील की है।

ये भी पढ़ें :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें