
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने नीट की परीक्षा के लिए 20 और 21 जून को पूरे हरियाणा में परीक्षार्थियों के लिए मुफ्त रोडवेज बस सेवा की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा और उनके उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सभी नीट अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड दिखाकर 20 और 21 जून को किसी भी हरियाणा रोडवेज बस में निशुल्क यात्रा कर सकते हैं, जिससे कि उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। नायब सैनी ने कहा कि इससे पहले राज्य सरकार की ओर से सीईटी अभ्यर्थियों के लिए भी मुफ्त बस सेवा की सुविधा दी थी। इसी प्रकार अब नीट परीक्षार्थियों को भी मुफ्त बस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी परीक्षार्थी लगन से परीक्षा में भाग लें और अच्छे से तैयारी करें। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल और सफल भविष्य की कामना की।
यहां ये भी उल्लेखनीय है कि इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि कई गरीब बच्चे नीट का पेपर देते हैं। उनके पास सेंटर में जाने के किराए के पैसे भी नहीं होते। पंजाब सरकार ने निर्णय लिया है कि 20, 21 और 22 जून को पंजाब रोडवेज की सभी बसों में नीट की परीक्षा देने जा रहे सारे बच्चों का किराया माफ होगा।
Also Read :