Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

ओमान तट के पास तेल टैंकर पर मिसाइल हमला, 24 भारतीयों को किया गया रेस्क्यू

June 9, 2026

ओमान तट के पास तेल टैंकर पर मिसाइल हमला, 24 भारतीयों को किया गया रेस्क्यू

Indian coast guard: भारतीय तटरक्षक बल के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (MRCC) मुंबई ने ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर एक त्वरित और सफल बचाव अभियान को अंजाम दिया है। ओमान तट के पास एक व्यापारी तेल टैंकर पर हुए मिसाइल हमले के बाद, जहाज पर सवार सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

भारतीय तटरक्षक बल के अनुसार, यह घटना 8 जून 2026 को दोपहर करीब 2:20 बजे सामने आई, जब MRCC मुंबई को सूचना मिली कि पलाऊ ध्वज वाले तेल टैंकर ‘एमटी मारिवेक्स’ पर ओमान के मसिराह तट के पास मिसाइल से हमला हुआ है। जहाज पर कुल 24 चालक दल के सदस्य सवार थे और सभी भारतीय नागरिक थे। यह सूचना जहाज पर मौजूद एक नाविक के परिजन द्वारा MRCC मुंबई को दी गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए MRCC मुंबई ने तुरंत ओमान समुद्री खोज एवं बचाव केंद्र से संपर्क स्थापित किया और उनसे खोज एवं बचाव अभियान का नेतृत्व संभालने तथा चालक दल की तत्काल सहायता करने का अनुरोध किया।

ओमान के बचाव केंद्र ने दिखाई तत्परता
ओमान के बचाव केंद्र ने तत्परता दिखाते हुए एक नजदीकी जहाज को घटनास्थल की ओर भेजा और बचाव कार्यों के लिए दो हेलीकॉप्टर तैनात किए। पूरे अभियान के दौरान MRCC मुंबई, OMSC ओमान और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय बना रहा।

ये भी पढ़ें- Jagannath Rath Yatra 2026 : इस साल कब निकलेगी पुरी में महाप्रभु की भव्य रथयात्रा? जानें सही तारीख और महत्व

 

24 भारतीय नाविक सुरक्षित
शाम करीब 5 बजे, ओमान के अधिकारियों ने पुष्टि की कि नौसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। सभी नाविक सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल प्रभावित जहाज मसिराह, ओमान के तट के पास है।

भारतीय नाविकों की सुरक्षा की प्रतिबद्धता
भारतीय तटरक्षक बल ने कहा कि यह सफल अभियान अंतरराष्ट्रीय समुद्री सहयोग और क्षेत्रीय बचाव एजेंसियों के बीच मजबूत समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। साथ ही यह दुनिया के किसी भी हिस्से में संकट में फंसे भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति भारतीय तटरक्षक बल की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

हिंद महासागर क्षेत्र में MRCC लगातार कार्यरत
हिंद महासागर क्षेत्र में विशाल खोज एवं बचाव क्षेत्र के लिए नामित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र के रूप में MRCC मुंबई क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ मिलकर समुद्र में मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। भारतीय तटरक्षक बल ने दोहराया कि वह समुद्री सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और सुरक्षित समुद्री वातावरण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें