पंजाब डेस्क: तरनतारन जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है। जहां डेढ़ साल की एक मासूम बच्ची के साथ उसकी मां द्वारा मारपीट की जाती है। जिसका वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। वीडियो वायरल होते ही बाल संरक्षण विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया, जबकि आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है।
वीडियो ने खोली क्रूरता की पोल
शिकायत के साथ अधिकारियों को एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें महिला अपनी छोटी बच्ची को बुरी तरह पीटती दिखाई दे रही थी। वीडियो देखने के बाद संबंधित विभागों ने तुरंत मामले को गंभीरता से लिया और पुलिस के सहयोग से कार्रवाई शुरू की।
बाल संरक्षण अधिकारियों के अनुसार, शिकायत मिलते ही टीम ने महिला के ठिकाने पर पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित निकाला और आरोपी महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में सामने आई चौंकाने वाली बात
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसका पति लंबे समय तक घर से बाहर रहता था। उसे वापस बुलाने के उद्देश्य से वह बच्ची के साथ मारपीट करती थी और उसकी वीडियो बनाकर पति को भेजती थी, ताकि बच्ची की हालत देखकर वह घर लौट आए। हालांकि अधिकारियों ने इस दलील को गंभीर अपराध से जुड़ा मामला मानते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि बच्ची के माता-पिता नशे की लत से प्रभावित बताए जा रहे हैं। बच्ची की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे बाल संरक्षण विभाग की निगरानी में रखा गया है। विशेषज्ञ उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति का भी आकलन कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों में गहरा रोष
घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में गहरा रोष है। लोगों का कहना है कि इतनी छोटी बच्ची के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद अमानवीय है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें…
पुलिस द्वारा जांच जारी
पुलिस और बाल कल्याण विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि बच्ची के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...