पंजाब डेस्क: कभी कर्ज लेकर विदेश जाने वाला एक युवक अब एक करोड़ रुपये की लॉटरी जीतने के बाद चर्चा में है। बटाला के गांव वडाला ग्रंथियां के रहने वाले कवलजीत सिंह की किस्मत उस समय चमक गई, जब उनकी खरीदी हुई 7 रुपये की लॉटरी पर 1 करोड़ रुपये का इनाम निकल आया। इस खबर के बाद परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।
कर्ज लेकर गया था विदेश
कवलजीत सिंह ने बताया कि बेहतर कमाई की उम्मीद में वह कर्ज लेकर मस्कट गया था। वहां उसने ड्राइवर के रूप में काम शुरू किया, लेकिन काम पसंद नहीं आने के कारण कुछ समय बाद भारत लौट आया। घर लौटने के बाद वह पिछले करीब एक साल से गांव में मजदूरी करके अपना गुजारा कर रहा था। साथ ही विदेश जाने के लिए लिया गया कर्ज चुकाने की कोशिश कर रहा था। हालांकि ब्याज बढ़ने के कारण उसका कर्ज लगभग 15 लाख रुपये तक पहुंच गया था, जिससे पूरा परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा था।
सबसे पहले चुकाएगा कर्ज
लॉटरी जीतने के बाद कवलजीत सिंह ने कहा कि वह सबसे पहले अपने ऊपर चढ़ा पूरा कर्ज चुकाएगा। इसके बाद बची हुई राशि से अपना कोई छोटा कारोबार शुरू करेगा, ताकि भविष्य में परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके और नियमित आय का साधन बन सके।
परिवार को पहले नहीं हुआ यकीन
कवलजीत की मां पिंदरजीत कौर ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य उसे बार-बार लॉटरी खरीदने से मना करते थे। उनका मानना था कि इससे पैसे की बर्बादी होती है, लेकिन कवलजीत कई महीनों से लगातार लॉटरी के टिकट खरीद रहा था। उसकी 1 करोड़ रुपये की लॉटरी निकल आई है, तो किसी को भी उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ। पहले सभी ने इसे मजाक समझा, लेकिन बाद में जब जानकारी सही निकली तो पूरे परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
7 रुपये के टिकट ने बदल दी जिंदगी
लॉटरी स्टॉल संचालक संजय कपूर ने बताया कि कवलजीत सिंह ने केवल 7 रुपये में डिअर मंडे वीकली लॉटरी का टिकट खरीदा था। उसकी आदत थी कि टिकट खरीदने के बाद वह अक्सर उसे स्टॉल पर ही सुरक्षित रख देता था। इस बार भी उसने सोमवार को टिकट खरीदकर वहीं छोड़ दिया था। रात करीब 8 बजे जब लॉटरी का ड्रा निकला, तो उसी टिकट पर 1 करोड़ रुपये का पहला इनाम निकल आया। इसके बाद स्टॉल संचालक ने तुरंत फोन कर कवलजीत को इस खुशखबरी की जानकारी दी।
अब एक साधारण मजदूर की जिंदगी पूरी तरह बदलने वाली है। कवलजीत का कहना है कि वह इस रकम का सही उपयोग करेगा, पहले सभी कर्ज चुकाएगा और फिर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए नया व्यवसाय शुरू करेगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...