Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुल्लू के वार्ड नंबर दस में लोगों की बढ़ी मुश्किल, स्कूली बच्चों का सफर भी जोखिम भरा

July 13, 2026

कुल्लू के वार्ड नंबर दस में लोगों की बढ़ी मुश्किल, स्कूली बच्चों का सफर भी जोखिम भरा

कुल्लू: नगर परिषद के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर-10 में भारत भारती स्कूल के साथ लगते रास्ते में पीछे की ओर सडक़ में सुरक्षा डंगा (रिटेनिंग वॉल) गिर जाने से आसपास के कई घरों पर खतरा पैदा हो गया है। जिसे जल्द ठीक करने की जरूरत है। अगर इस डंगे को जल्द ठीक नहीं किया गया तो इससे साथ लगते घरों को खतरा पैदा हो सकता है।

वहीं, सूचना मिलने पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष शालिनी राय एवं स्थानीय पार्षद चंद्रभानु ने नगर परिषद की टीम के साथ मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रिटेनिंग वॉल गिरने से साथ लगते कई मकानों की सुरक्षा प्रभावित हुई है। स्थानीय लोगों ने भी जल्द स्थायी समाधान निकालने की मांग उठाई।

इस पर नगर परिषद की ओर से प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया गया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र शुरू की जाएगी। फिलहाल एहतियात के तौर पर डंगा दोबारा बनने तक प्रभावित स्थान पर तिरपाल लगाने में लोगों की मदद की गई है ताकि बारिश के दौरान और अधिक नुकसान से बचाव किया जा सके।

नगर परिषद उपाध्यक्ष शालिनी राय ने लोगों से अपील की है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि डंगा पूरी तरह सुरक्षित होने तक इस रास्ते से बाइक सहित अन्य वाहनों की आवाजाही न होने दें ताकि क्षतिग्रस्त हिस्से को और अधिक नुकसान न पहुंचे तथा किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। नगर परिषद ने कहा है कि प्रभावित क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही स्थायी मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा।

📍 Location: Kullu, himachal (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें