Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

सोशल मीडिया पर रेव पार्टी का पोस्टर लांच करने पर मामला दर्ज

July 17, 2026

सोशल मीडिया पर रेव पार्टी का पोस्टर लांच करने पर मामला दर्ज

कुल्लूः जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी में सोशल मीडिया के माध्यम से रेव पार्टी का प्रचार करने के आरोप में कुल्लू पुलिस की टीम ने एक इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं पुलिस ने कहा है कि उन्होंने किसी भी पार्टी की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में जो भी भ्रामक प्रचार कर रहा है। उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कुल्लू पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर जारी प्रचार सामग्री में दावा किया गया है कि सितंबर में ‘करहाना प्रोजेक्ट’ पुलगा के फेयरी फॉरेस्ट में संगीत, प्रकृति और आपसी जुड़ाव पर आधारित तीन दिवसीय आयोजन करेगा। इसमें देवदार के जंगलों के बीच साइकेडेलिक संगीत और विशेष अनुभव का प्रचार किया गया है। पोस्ट में संपर्क के लिए एक मोबाइल नंबर भी साझा किया गया है।

कुल्लू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पार्वती घाटी में किसी भी प्रकार की अवैध पार्टी अथवा रेव पार्टी के आयोजन की जिला प्रशासन द्वारा कोई अनुमति प्रदान नहीं की गई है। लेकिन फिर भी सोशल मीडिया पर 4 से 6 सितम्बर 2026 तक पार्वती घाटी में कथित रेव पार्टी के आयोजन को लेकर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। ऐसे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए स्थानीय पुलिस द्वारा पूरी सतर्कता बरती जा रही है ।

गौरतलब है कि ज़िला दण्डाधिकारी, कुल्लू द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के अंतर्गत जारी आदेश के अनुसार कसोल, मणिकर्ण, तोष, पुलगा, तुलगा, ग्राहण तथा बरशैणी क्षेत्रों में इस प्रकार की पार्टियों के आयोजन एवं उनके प्रचार-प्रसार पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है तथा यह आदेश वर्तमान में भी प्रभावी हैं ।

एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि उपरोक्त प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन करते हुए सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार-प्रसार करने के मामले में पुलिस थाना मणिकर्ण में संबंधित इंस्टाग्राम यूजर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है । वही, पुलिस टीम के द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच जारी है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

📍 Location: Kullu (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें