Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

कनाडा में भारतीय मूल की महिला की गोली मारकर हत्या, संदिग्ध गिरफ्तार

July 27, 2026

कनाडा में भारतीय मूल की महिला की गोली मारकर हत्या, संदिग्ध गिरफ्तार

टोरंटो: कनाडा के टोरंटो शहर में भारतीय मूल की 26 वर्षीय एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, यह मामला किसी सुनियोजित हमले का प्रतीत होता है। पुलिस ने बताया कि हत्या के आरोप में भारतीय मूल के ही 37 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। टोरंटो पुलिस सेवा ने शनिवार को एक बयान में बताया कि गोलीबारी की यह घटना शुक्रवार सुबह ‘हंबरवुड बुलेवार्ड’ और ‘रेक्सडेल बुलेवार्ड’ के चौराहे पर हुई।

मृत महिला की पहचान नवनीत कौर के रूप में हुई है, जबकि ओंटारियो प्रांतीय पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान ब्रैम्पटन निवासी शरणजीत सिंह के तौर पर की गई है।पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 7:23 बजे सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, जहां नवनीत कौर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मिलीं। जान बचाने के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया।

जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने गोली मारने से पहले पीड़िता से थोड़ी देर बातचीत की थी। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर महिला को गोली मार दी और पुलिस के पहुंचने से पहले मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे खोजकर गिरफ्तार कर लिया।

शरणजीत सिंह के खिलाफ प्रथम श्रेणी की हत्या और अदालत में दिये गए शपथ पत्र का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है। जांचकर्ताओं का मानना है कि यह हमला पूरी तरह से सुनियोजित था और इसमें कोई अन्य संदिग्ध शामिल नहीं है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें