Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

जनसुनवाई में निपटे 37 मामले, 7 परिवारों का पुनर्मिलन

July 29, 2026

जनसुनवाई में निपटे 37 मामले, 7 परिवारों का पुनर्मिलन

37 cases settled in public hearing : मंडी। राज्य महिला आयोग द्वारा मंगलवार को मंडी स्थित डीसी न्यायालय परिसर में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई की अध्यक्षता आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने की। इस अवसर पर आयोग की सदस्य रीना पुंडीर, सरोज शर्मा एवं रीना द्रोच उपस्थित रहीं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी अभिमन्यु वर्मा, सदस्य सचिव बुशरा अंसारी तथा विधि अधिकारी यशपाल शर्मा भी जनसुनवाई के दौरान मौजूद रहे। जनसुनवाई में आयोग के समक्ष कुल 52 मामले प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 37 मामलों की सुनवाई एवं निस्तारण किया गया। इनमें 16 मामलों का मौके पर ही समाधान कर उन्हें बंद कर दिया गया, जबकि 14 मामलों में अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई। इसके अतिरिक्त 7 मामलों में लगभग ढाई वर्षों से अलग रह रहे पति-पत्नी के बीच आपसी सहमति से समझौता करवाकर उनका पुनर्मिलन करवाया गया तथा उन्हें साथ रहने के लिए उनके घर भेजा गया। आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों के त्वरित, प्रभावी एवं निष्पक्ष निस्तारण के उद्देश्य से राज्य महिला आयोग समय-समय पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में जनसुनवाई आयोजित करता है। उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य महिलाओं को उनकी शिकायतों के समाधान के लिए सुलभ, प्रभावी एवं न्यायोचित मंच उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें