Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियानाः ग्रैंड वॉक के पास चली ताबड़तोड़ गोलियां, स्कॉर्पियो सवार 2 युवक घायल

August 1, 2026

लुधियानाः ग्रैंड वॉक के पास चली ताबड़तोड़ गोलियां, स्कॉर्पियो सवार 2 युवक घायल

लुधियाना: शहर में आए दिन गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला फिरोजपुर रोड स्थित ग्रैंड वॉक के नजदीक गली चने इलाके का है, जहां फॉर्च्यूनर सवार युवकों ने स्कॉर्पियो में बैठे दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

फायरिंग में स्कॉर्पियो सवार आर्यन घुमन और आर्यन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आर्यन घुमन के पेट में गोली लगी, जबकि आर्यन सिंह के कंधे को छूते हुए गोली निकल गई। दोनों घायलों को इलाज के लिए डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने 5 से 7 राउंड फायरिंग की। गोली चलाने के आरोप में गुरसेवक सिंह और चांद ग्रेवाल के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से एक आरोपी किसी विधायक का रिश्तेदार है। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।  घायल युवकों के परिजनों ने बताया कि घटना शाम करीब 4:30 बजे हुई। उनके अनुसार, उनका बेटा कुछ दिन पहले ही विदेश से लौटा था और घूमने के लिए फिरोजपुर रोड पर गया था। इसी दौरान फॉर्च्यूनर सवार युवकों ने उस पर अचानक गोलियां चला दीं।

परिजनों का कहना है कि उनकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों में गुरसेवक सिंह और चांद ग्रेवाल शामिल हैं। परिजनों ने यह भी कहा कि परिवार का एक सदस्य स्वयं पुलिस विभाग में कार्यरत है, लेकिन इसके बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें