Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

GNDU में मनाया गया जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस, नशे के खिलाफ युवाओं ने दिया संदेश

August 13, 2026

GNDU में मनाया गया जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस, नशे के खिलाफ युवाओं ने दिया संदेश

अमृतसर: गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में जिला युवा सेवा विभाग की ओर से जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अमृतसर जिले के 17 कॉलेजों से 200 से अधिक रेड रिबन क्लब वालंटियर्स ने भाग लिया।

कार्यक्रम में गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के डीन स्टूडेंट वेलफेयर सतनाम सिंह देओल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को जागरूकता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और समाज को नशे से मुक्त बनाने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

युवा सेवा विभाग के असिस्टेंट डायरेक्टर ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्हें सही जानकारी और सकारात्मक माहौल देना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि रेड रिबन क्लबों के माध्यम से युवाओं को HIV/AIDS, नशे से होने वाले नुकसान, स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

कार्यक्रम में HIV/AIDS और नशा मुक्ति को लेकर दो विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए। पहले सत्र में डॉ. स्वाति ने HIV/AIDS से जुड़ी जरूरी जानकारी दी। उन्होंने बीमारी के फैलने, बचाव और इससे जुड़ी गलत धारणाओं के बारे में युवाओं को समझाया।

दूसरे सत्र में डॉ. रिपुदमन सिंह ने नशे के दुष्प्रभावों पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थ व्यक्ति के शरीर और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन पर भी बुरा असर डालते हैं। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और जरूरत पड़ने पर सही इलाज व विशेषज्ञों की मदद लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान रेड रिबन क्लब वालंटियर्स ने नशा विरोधी रैली भी निकाली। हाथों में बैनर और प्लेकार्ड लेकर युवाओं ने नशे के खिलाफ नारे लगाए और लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। रैली के माध्यम से युवाओं ने नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर रेड रिबन क्लब की गतिविधियों और HIV/AIDS जागरूकता के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले जिले के 10 नोडल अधिकारियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित करना भी है। युवा अपने साथियों और समाज के अन्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि, विशेषज्ञ वक्ताओं, नोडल अधिकारियों, रेड रिबन क्लब वालंटियर्स और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें