Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

चोखंग-नैनगाहर सड़क बहाली का कार्य तेजी से जारी, तहसीलदार ने लिया सड़क व फसल नुकसान का जायजा

August 19, 2026

चोखंग-नैनगाहर सड़क बहाली का कार्य तेजी से जारी, तहसीलदार ने लिया सड़क व फसल नुकसान का जायजा

केलांगः उपमंडल अधिकारी नागरिक कुनिका एकर्स ने जानकारी देते हुए बताया कि लाहौल-स्पीति जिला के चोखंग-नैनगाहर मार्ग पर लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क का एक हिस्सा प्रभावित हुआ है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से प्राप्त जानकारी के अनुसार चोखंग से नैनगाहर की ओर लगभग 3 किलोमीटर आगे 12 किलोमीटर से 12.800 किलोमीटर के बीच सड़क प्रभावित हुई है।

स्थिति का जायजा लेने के लिए राजस्व विभाग की टीम ने तहसीलदार केलांग विकास कुमार के नेतृत्व में मौके का दौरा किया। टीम ने प्रभावित सड़क मार्ग का निरीक्षण करते हुए बारिश के कारण सड़क को हुए नुकसान का जायजा लिया तथा प्रभावित हिस्से में हुए नुकसान का मौके पर आकलन किया। इसके साथ ही क्षेत्र में बारिश के कारण प्रभावित फसलों को हुए नुकसान का भी जायजा लिया गया तथा फसल नुकसान का आकलन किया गया। इस दौरान सड़क की स्थिति, यातायात में आ रही बाधाओं तथा बहाली के लिए आवश्यक कार्यों की जानकारी भी ली गई।

तहसीलदार ने संबंधित अधिकारियों एवं मौके पर कार्य कर रही टीम से सड़क बहाली कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क को यातायात के लिए बहाल करने हेतु बहाली कार्य लगातार जारी रखा गया है। विभागीय टीम मौके पर सड़क को हुए नुकसान की मरम्मत तथा आवश्यक पुनर्स्थापन कार्य कर रही है। मौसम एवं परिस्थितियां अनुकूल रहने पर मार्ग को कल शाम तक यातायात के लिए खोलने की संभावना है।

क्षेत्र में फिलहाल बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते सड़क बहाली कार्य में चुनौतियां बनी हुई हैं। प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा सड़क एवं फसल को हुए नुकसान का आवश्यक आकलन किया जा रहा है। सड़क को जल्द से जल्द बहाल करने तथा प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों एवं वाहन चालकों से अपील की गई है कि सड़क बहाल होने तक प्रभावित हिस्से पर अनावश्यक आवाजाही से बचें तथा प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

📍 Location: केलांग, लाहौल/ Lahual (Lahaul)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें