Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

79वें दिन भी जारी शिक्षकों का अनशन, मांगें पूरी होने तक संघर्ष का ऐलान

October 12, 2026

79वें दिन भी जारी शिक्षकों का अनशन, मांगें पूरी होने तक संघर्ष का ऐलान

Himachal Teachers’ Hunger Strike Enters 79th Day : शिमला। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन सोमवार को 79वें दिन भी स्कूल शिक्षा निदेशालय शिमला में जारी रहा।

इस दौरान चंबा जिले के पीटीएफ ब्लॉक तिस्सा के पदाधिकारियों ने अनशन में शामिल होकर शिक्षकों की लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। संघ ने बताया कि प्रदेशभर में शिक्षक और मिड-डे मील वर्कर काले बिल्ले लगाकर विरोध जता रहे हैं। संगठन ने शीतकालीन विधानसभा सत्र से पहले सभी 68 विधायकों को मांग-पत्र सौंपने और धर्मशाला में बड़े धरना-प्रदर्शन की घोषणा की है। संघ ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक गांधीवादी तरीके से आंदोलन जारी रहेगा।

 
 

क्रमिक अनशन में पीटीएफ ब्लॉक तिस्सा के अध्यक्ष दुनी चंद शर्मा, महासचिव महाराज सिंह, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह जरयाल तथा सदस्य बसंत सिंह और सोवन सिंह शामिल हुए। शिक्षकों ने सरकार से उनकी लंबित और न्यायोचित मांगों को शीघ्र पूरा करने की अपील की। शिक्षक संघ के अनुसार आंदोलन को गांधीवादी विचारधारा के अनुरूप शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है।

संघ ने बताया कि 2 अक्टूबर से राज्य, जिला, खंड और महिला विंग के पदाधिकारियों ने शिमला में काले बिल्ले लगाकर शिक्षण कार्य करने के अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद 3 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में शिक्षक और मिड-डे मील वर्कर भी काले बिल्ले लगाकर कार्य कर रहे हैं। संघ ने कहा कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रदेश के सभी 68 विधायकों को शिक्षकों की मांगों का मांग-पत्र सौंपा जाएगा। वहीं, शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा। गौरतलब है कि आंदोलन की शुरुआत 11 जुलाई को पैदल न्याय यात्रा के माध्यम से शिमला पहुंचने के बाद हुई थी।

इसके बाद 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में विशाल धरना दिया गया और क्रमिक अनशन शुरू किया गया। संघ ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक संघर्ष गांधीवादी तरीके से जारी रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें