
जालंधर : पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने शनिवार को प्रैस कांफ्रैंस में बताया कि सूर्य एन्क्लेव निवासी लोहा व्यापारी ललित मित्तल से लूट के मामले में उनके ड्राइवर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे के पूरे 72 लाख रुपए बरामद कर लिए गए हैं। वैसे, पुलिस ने लुटेरों का पता 24 घंटे में ही लगा लिया था मगर लूटी गई रकम बरामद करने में कुछ समय लगा। सारे आरोपियों को पकड़ लेने और इतनी बड़ी रकम शत-प्रतिशत बरामद कर लेने से व्यापारी समुदाय ने राहत की सांस ली है।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि लुटेरों ने 17 अगस्त की देर शाम को फिल्मी स्टाइल में लूट की। रामामंडी थानाक्षेत्र में सूर्य एन्क्लेव के रहने वाले लोहा व्यापारी और सीजेएस पब्लिक स्कूल के संचालक ललित मित्तल टांडा रोड स्थित अपने स्टोर से घर लौट रहे थे कि तभी गुरु गोविंद सिंह एवेन्यू से सटे वीरान इलाके में बिना नंबर की सफेद कार ने उनकी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। ललित कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाशों ने लोहे की रॉड से उनकी कार के शीशे तोड़ डाले और सीट के नीचे रखे 72 लाख रुपए से भरे दो बैग छीनकर फरार हो गए।