Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

फरीदकोट पुलिस की नशा विरोधी मुहिम में बड़ी कामयाबी, 717 ग्राम अफीम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

August 24, 2026

फरीदकोट पुलिस की नशा विरोधी मुहिम में बड़ी कामयाबी, 717 ग्राम अफीम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

पंजाब डेस्क: फरीदकोट पुलिस ने नशा विरोधी अभियान ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत कार्रवाई करते हुए दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 717 ग्राम अफीम और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

यह कार्रवाई एसएसपी फरीदकोट गुरबंस सिंह बैंस के निर्देशों और एसपी (इन्वेस्टिगेशन) नरिंदर सिंह की निगरानी में की गई।

पुलिस को देखकर संदिग्धों ने फेंका काले रंग का लिफाफा

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को हवलदार गुरविंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के लिए गश्त पर थे। पुलिस टीम एनएच-54 हाईवे से होते हुए लकड़ मंडी, मोगा रोड पहुंची।

इस दौरान पेड़ की छांव में बैठे दो व्यक्ति पुलिस को दिखाई दिए। इनमें से एक के हाथ में काले रंग का लिफाफा था। पुलिस पार्टी को देखकर दोनों घबरा गए और लिफाफा जमीन पर फेंककर वहां से आगे जाने लगे। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया।

पुलिस द्वारा लिफाफे की जांच करने पर उसमें से 717 ग्राम अफीम बरामद हुई।

दोनों आरोपी कोटकपूरा के रहने वाले

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणदीप मल्होत्रा पुत्र अशोक मल्होत्रा निवासी लाजपत नगर, कोटकपूरा और बलकार सिंह उर्फ बिट्टू पुत्र नाजर सिंह निवासी जैतो रोड, कोटकपूरा के रूप में हुई है। पुलिस ने अफीम के अलावा एक ओप्पो मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है।

आरोपियों के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक, रिकॉर्ड की जांच और प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि रणदीप मल्होत्रा के खिलाफ पहले से 5 मामले, जबकि बलकार सिंह उर्फ बिट्टू के खिलाफ 3 मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के तहत नशा तस्करी से जुड़े मामलों के अलावा अन्य गंभीर धाराओं के मामले भी शामिल हैं।

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

फरीदकोट पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस का उद्देश्य आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक का पता लगाकर नशा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को उजागर करना है।

पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया में है, ताकि पूछताछ के दौरान नशे की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

इस संबंध में थाना सिटी कोटकपूरा में मुकदमा नंबर 172, दिनांक 23 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(बी)/61/85 के तहत मामला दर्ज किया है।

📍 Location: Faridkot (Faridkot)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें