Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा में मिशन क्लीन पंजाब के दूसरे चरण का आगाज, डीसी व विधायक ने संभाली सफाई की कमान

August 29, 2026

मोगा में मिशन क्लीन पंजाब के दूसरे चरण का आगाज, डीसी व विधायक ने संभाली सफाई की कमान

मोगा। पंजाब सरकार की ओर से शुरू किए गए मिशन क्लीन पंजाब अभियान के दूसरे चरण की शनिवार को मोगा में शुरुआत हुई। अभियान का शुभारंभ डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया और मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने किया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ पुलिस प्रशासन, एनसीसी कैडेट्स और स्कूली बच्चों ने भी सफाई अभियान में हिस्सा लिया।

अभियान के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और स्वयं सफाई अभियान में भाग लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान शहरवासियों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने तथा कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में ही डालने की अपील की गई।

डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मिशन क्लीन पंजाब के तहत सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा शहर को साफ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि स्वच्छ शहर केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास गंदगी न फैलाने और कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से मोगा को और अधिक सुंदर एवं स्वच्छ शहर बनाया जा सकता है।

गौरतलब है कि पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस की ओर से 8 जून 2026 को मिशन क्लीन पंजाब अभियान की शुरुआत की गई थी। अभियान के तहत नगर निगम और स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों को रोजाना सुबह 7 से 8 बजे तक फील्ड में रहकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। अब 29 अगस्त से अभियान के दूसरे चरण को पूरे पंजाब में और तेज किया गया है।

इस मौके पर मोगा पुलिस के थाना प्रभारी वरुण कुमार समेत प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम का अमला, पुलिस कर्मी, एनसीसी कैडेट्स और स्कूली बच्चे मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि अभियान के तहत शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें