Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

खड़गे के भाषण के बाद मंच ‘शुद्धीकरण’ पर भड़की कांग्रेस, BJP के खिलाफ धरना

September 7, 2026

खड़गे के भाषण के बाद मंच ‘शुद्धीकरण’ पर भड़की कांग्रेस, BJP के खिलाफ धरना

Congress outraged over stage ‘purification’ : जालंधर। हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच के कथित ‘शुद्धीकरण’ को लेकर पंजाब कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जालंधर के देशभगत यादगार हाल में कांग्रेस नेताओं ने धरना देकर भाजपा पर जातिवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया।

सांसद चरणजीत सिंह चन्नी समेत नेताओं ने इसे संविधान की भावना और समानता के अधिकार पर हमला बताते हुए कहा कि पंजाब की धरती भेदभाव की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। साथ ही कांग्रेस ने पंजाब के बिजली-कोयला संकट को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा। कांग्रेस के कैंट विधायक सहित जालंधर सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने पूरी घटना को संविधान की धारा 14, 15 और 17 का उल्लंघन बताया, जो देश के हर नागरिक को समानता का अधिकार देती हैं।

पार्टी नेताओं का कहना है कि आजादी के 75 साल बाद भी बीजेपी महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक बदहाली और विदेश नीति जैसे असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए देश को जाति और धर्म के नाम पर बांटने की राजनीति कर रही है। पंजाब के गुरुओं और पीरों द्वारा दिए गए ‘संगत और पंगत’ के संदेश का हवाला देते हुए नेताओं ने कहा कि पंजाब की धरती कभी भी ऐसी भेदभावपूर्ण और मन्नूस्मृति वाली मानसिकता को स्वीकार नहीं करेगी।

मनोरंजन के यज्ञ के बयान का खंडन

कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया के उस दावे को भी खारिज कर दिया गया है जिसमें उन्होंने इसे एक धार्मिक संस्था द्वारा आयोजित सामान्य ‘हवन-यज्ञ’ करार दिया था। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद खुद मौजूद थे, जिसके पर्याप्त सबूत मौजूद हैं। इस दौरान आम आदमी पार्टी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को बीजेपी की ‘बी-टीम’ करार दिया गया। साथ ही राहुल गांधी द्वारा दलितों, पिछड़ों और शोषितों के हक में आवाज उठाने पर उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों की सख्त निंदा की गई।

बिजली संकट पर आप सरकार को घेरा

इसके अलावा, पंजाब में गहराते बिजली और कोयला संकट को लेकर भी राज्य सरकार पर तीखे निशाने साधे गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पंजाब के थर्मल प्लांटों में महज कुछ दिनों का कोयला बचा है और राज्य में बिजली उत्पादन देश में सबसे महंगा साबित हो रहा है। आम आदमी पार्टी सरकार पर दिल्ली से संचालित होने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि सस्ते बिजली ऑफर ठुकराकर पंजाब की जनता पर बोझ डाला जा रहा है। नेताओं का दावा है कि आने वाले समय में जनता इस कुशासन और बांटने वाली राजनीति का मुंहतोड़ जवाब देगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें