Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

घटिया सड़क निर्माण से सरकारी खजाने को 2.62 लाख का नुकसान, ठेकेदार-कर्मचारियों पर केस

September 11, 2026

घटिया सड़क निर्माण से सरकारी खजाने को 2.62 लाख का नुकसान, ठेकेदार-कर्मचारियों पर केस

चंडीगढ़/बठिंडा: राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने सड़क निर्माण में घटिया स्तर की सामग्री के इस्तेमाल और फंडों के दुरुपयोग के कारण सरकारी खजाने को 2.62 लाख रुपये का वित्तीय नुकसान पहुंचाने के आरोप में सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार और नगर परिषद मानसा के संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए आज यहां राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला वार्ड नंबर 5, नई कचहरी रोड, मानसा के एक निवासी द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। प्रवक्ता ने आगे बताया कि नगर परिषद मानसा द्वारा नई कचहरी रोड, मानसा स्थित ‘गगोवाल वाली गली’ से लेकर मानसा खुर्द में नगर परिषद की सीमा तक जाने वाली सड़क की मरम्मत के लिए टेंडर जारी किया गया था। परिषद द्वारा वर्क ऑर्डर जारी किए जाने के बाद कार्य शुरू कर दिया गया। हालांकि, टेंडर में शामिल सड़क के पूरे हिस्से की मरम्मत करने के बजाय केवल ‘गगोवाल वाली गली’ से छोटी मानसा की ओर जाने वाली सड़क के हिस्से का नए सिरे से निर्माण किया गया।

उन्होंने बताया कि मानसा के उपायुक्त के आदेश पर सड़क की जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई थी। इस जांच के दौरान लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट में इस्तेमाल की गई सामग्री में निर्धारित दबाव सहने की आवश्यक क्षमता नहीं पाई गई। इसके अलावा, पंजाब मंडी बोर्ड, बठिंडा के कार्यकारी अभियंता द्वारा तैयार की गई जांच रिपोर्ट में सामने आया कि इस कार्य के लिए लागू दरें सरकार द्वारा स्वीकृत दरों की तुलना में काफी अधिक थीं, जिसके कारण 2.62 लाख रुपये की अतिरिक्त अदायगी की गई।

प्रवक्ता ने बताया कि संबंधित नगर परिषद कर्मचारियों और ठेकेदार की मिलीभगत के कारण सड़क निर्माण के दौरान घटिया स्तर की सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसके परिणामस्वरूप राज्य के खजाने को वित्तीय नुकसान हुआ। इस संबंध में आरोपी कर्मचारियों और ठेकेदार के विरुद्ध विजिलेंस ब्यूरो थाना, बठिंडा में भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

📍 Location: Bathinda

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें