लुधियाना: शहर में वाहन लूटने की कोशिश का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह हथियारबंद बदमाशों ने अलग-अलग जगहों पर दो कारों को लूटने का प्रयास किया। दोनों घटनाओं की CCTV फुटेज भी सामने आई है। आरोपियों ने कार सवारों पर पिस्टल तानकर उन्हें वाहन से नीचे उतरने के लिए कहा। हालांकि, कार स्टार्ट न होने के कारण बदमाश अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
बैडमिंटन खेलने जा रहे मेडिकल स्टोर संचालक को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, मेडिकल स्टोर संचालक निशू सुबह करीब 5:30 बजे बैडमिंटन खेलने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान दो युवक पैदल उनके पास पहुंचे और कार का शीशा खटखटाया। आरोप है कि युवकों ने पिस्टल दिखाते हुए उन्हें कार से नीचे उतरने के लिए कहा।
जान को खतरा देखते हुए निशू ने बदमाशों से उन्हें छोड़ने की गुहार लगाई। इसके बाद उन्होंने कार की चाबी लेकर नीचे उतरने को कहा। बदमाश कार लेकर कुछ दूरी तक पहुंचे, लेकिन अचानक वाहन बंद हो गया। इसके बाद आरोपी कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।
दूसरी कार लूटने की भी कोशिश
इसी दौरान बदमाशों ने एक अन्य स्थान पर भी कार लूटने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि वाहन आगे नहीं चल पाने के कारण आसपास के लोगों को घटना का पता चल गया और शोर मच गया। इसके बाद आरोपी वहां से भी भाग निकले।
CCTV में कैद हुई वारदात
दोनों घटनाओं से जुड़ी CCTV फुटेज सामने आई है, जिसमें संदिग्ध आरोपी वारदात को अंजाम देने और बाद में मौके से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
थाना डिवीजन नंबर-5 पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)
मेष: दिन शुभ रहेगा...