Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

बधनी कलां में रंजिश के चलते 22 वर्षीय युवक की हत्या, आरोपी की तलाश में छापेमारी

September 21, 2026

बधनी कलां में रंजिश के चलते 22 वर्षीय युवक की हत्या, आरोपी की तलाश में छापेमारी

22-Year-Old Man Killed in Moga’s Badhni Kalan : मोगा। जिले के कस्बा बधनी कलां में रंजिश के चलते एक 22 वर्षीय युवक की लाठियों से बुरी तरह मारपीट करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक की मोगा के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने मृतक के पिता के बयानों के आधार पर एक युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश में छापामारी की जा रही है। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना बधनी कलां के प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रीतम सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान 22 वर्षीय अर्शदीप सिंह पुत्र हरबंस सिंह निवासी बधनी कलां के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अर्शदीप सिंह का कुछ दिन पहले गांव के ही रहने वाले डोंगर सिंह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

बताया जा रहा है कि इसी विवाद की रंजिश डोंगर सिंह का बेटा गगनदीप सिंह रखता था। पुलिस अधिकारी के अनुसार 19 सितंबर को गगनदीप सिंह ने अर्शदीप सिंह को रास्ते में घेर लिया और उसके साथ लाठियों से मारपीट की। हमले में अर्शदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्य उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर गए। उसकी हालत गंभीर होने के कारण बाद में उसे मोगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार उपचार के दौरान गत दिवस अर्शदीप सिंह की मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के पिता हरबंस सिंह के बयानों के आधार पर आरोपी गगनदीप सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के हवाले करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें