Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

DAV पब्लिक स्कूल डडौर में राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ

September 26, 2026

DAV पब्लिक स्कूल डडौर में राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ

मंडी: बल्ह विधानसभा क्षेत्र के डडौर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को राज्य स्तरीय छात्र-छात्राओं की खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास एवं तकनीकी शिक्षा तथा व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने किया। उन्होंने ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 8 क्लस्टर की 40 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें लगभग 453 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इस अवसर पर मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलें विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और हार-जीत की चिंता छोड़ अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी का प्रयास होना चाहिए कि हर बच्चा खेल मैदान तक पहुंचे और उनकी ऊर्जा की सकारात्मक दिशा में उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। बच्चों के चहुंमुखी विकास के लिए खेलों के साथ ही सांस्कृतिक गतिविधियां, एनएसएस, एनसीसी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, विज्ञान मेलों इत्यादि का आयोजन विविध स्तर पर किया जाता है। इस तरह की गतिविधियों से बच्चे बहुत कुछ सीखते हैं और इनमें भाग लेने के लिए उन्हें निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में डीएवी संस्था के प्रयासों की सराहना की।

कृषि उपज विपणन समिति के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रशांत शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया तथा विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों से अवगत करवाया। इस अवसर पर मंत्री की धर्मपत्नी सोनिका धर्माणी, हिमाचल प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी, एलएमसी सदस्य लोकेश कपूर, पीटीए अध्यक्ष विनय धीमान, अभिभावक प्रतिनिधि एवं एलएमसी सदस्य जितेंद्र शर्मा सहित विद्यालय प्रबंधन के सदस्य, अध्यापक, खेल प्रशिक्षक, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

📍 Location: Mandi (Mandi)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें